पलटन बाजार में नगर निगम ने बांटे पौधे, दिया ‘स्वच्छ दून–हरित दून’ का संदेश

देहरादून। नगर निगम देहरादून की ओर से शहर को स्वच्छ, हरित एवं पर्यावरण-अनुकूल बनाने के उद्देश्य से पलटन बाजार क्षेत्र में पौध वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान स्थानीय दुकानदारों, व्यापारियों और नागरिकों को विभिन्न प्रकार के उपयोगी एवं पर्यावरण हितैषी पौधे वितरित किए गए। साथ ही, अधिक से अधिक पौधे अपनाकर उनकी नियमित देखभाल करने के लिए लोगों को प्रेरित किया गया।

नगर निगम ने नागरिकों से अपील की कि वे अपने घरों, दुकानों एवं प्रतिष्ठानों के आसपास पौधारोपण कर शहर के हरित क्षेत्र को बढ़ाने में सहयोग करें। साथ ही, लगाए गए पौधों की नियमित सिंचाई और उचित देखभाल सुनिश्चित करने का आग्रह किया गया।

कार्यक्रम के दौरान ‘स्वच्छ दून–हरित दून’ का संदेश देते हुए नागरिकों को स्वच्छता बनाए रखने, सार्वजनिक स्थलों पर कूड़ा न फैलाने तथा पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए जागरूक किया गया।

नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि देहरादून में हरियाली बढ़ाने, प्रदूषण कम करने और नागरिकों को बेहतर एवं स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराने के लिए इस प्रकार के पौध वितरण एवं हरित अभियान लगातार जारी रखे जाएंगे।