तोष में नेपाली मूल की महिला 2.022 किलो चरस के साथ गिरफ्तार

कुल्लू: जिला डिटेक्शन सेल कुल्लू की टीम ने नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत तोष क्षेत्र में एक महिला को 2.022 किलोग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला मूल रूप से नेपाल की रहने वाली है और वर्तमान में तोष गांव में रह रही थी। पुलिस ने उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, जिला डिटेक्शन सेल की टीम बरशैणी-तोष सड़क मार्ग पर हिम ट्रैक/जै-जै धार के समीप स्थित पार्किंग के पास गश्त और नाकाबंदी पर तैनात थी। इसी दौरान संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर टीम ने 39 वर्षीय महिला को रोककर उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 2.022 किलोग्राम चरस बरामद हुई।

मामले की पुष्टि करते हुए पुलिस अधीक्षक कुल्लू ने बताया कि आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके खिलाफ पुलिस थाना मणिकर्ण में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि चरस की खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां सप्लाई किया जाना था। पुलिस इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने के लिए भी जांच कर रही है। मामले में संलिप्त पाए जाने वाले अन्य आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।