मुख्यमंत्री धामी ने ‘चौपाल-2026’ का किया शुभारंभ

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना के तहत आयोजित ‘चौपाल-2026’ कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने उद्यमिता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली मातृशक्ति को सम्मानित किया और उत्तराखंड ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत तैयार आईईसी सामग्री का विमोचन किया। मुख्यमंत्री ने देहरादून में राज्य स्तरीय विपणन केंद्र खोलने की घोषणा भी की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित उद्यमों को सशक्त बनाना, युवाओं को स्वरोजगार के लिए प्रोत्साहित करना और उन्हें रोजगार के नए अवसरों से जोड़ना है। योजना के माध्यम से अब तक प्रदेश में 13 हजार से अधिक उद्यमियों को सहयोग प्रदान किया जा चुका है, जबकि 8 हजार से अधिक मातृशक्ति को उद्यमिता से जोड़ा गया है।

मातृशक्ति बदल रही गांवों की तस्वीर और तकदीर
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रदेश की मातृशक्ति अपने हुनर और मेहनत के दम पर न केवल स्थानीय उत्पादों को नई पहचान दे रही है, बल्कि उत्तराखंड की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती प्रदान कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की करीब 3 लाख महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। यह इस बात का प्रमाण है कि अवसर और सही सहयोग मिलने पर महिलाएं अपने गांव की तस्वीर और तकदीर दोनों बदल सकती हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में उद्यमिता को बढ़ावा देने के साथ स्थानीय उत्पादों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने पर सरकार विशेष ध्यान दे रही है। राज्य स्तरीय विपणन केंद्र की स्थापना से प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों में तैयार होने वाले उत्पादों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी और स्थानीय उद्यमियों को नई संभावनाएं मिलेंगी।

कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, भारत सिंह चौधरी, खजान दास, विधायक उमेश शर्मा काऊ और सविता हरबंस कपूर सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।