मुख्यमंत्री धामी ने सुनीं जन समस्याएं, अधिकारियों को दिए त्वरित समाधान के निर्देश

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को जन शिकायतों के त्वरित, प्रभावी और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री कार्यालय के अधिकारियों के साथ ही गढ़वाल आयुक्त और आईजी गढ़वाल को भी जन शिकायतों के निस्तारण में प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जन समस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए और प्रभावित लोगों को शीघ्र राहत उपलब्ध कराई जाए।

इस दौरान केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल ने प्रतिनिधिमंडल के साथ मुख्यमंत्री से भेंट कर इस वर्ष की केदारनाथ यात्रा एवं चारधाम यात्रा के सफल और सुरक्षित संचालन के लिए राज्य सरकार का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में यात्रा व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी और बेहतर प्रबंधन के कारण श्रद्धालुओं को सुगम एवं सुरक्षित सुविधाएं उपलब्ध हो सकीं।

वहीं विधायक भूपाल राम टम्टा ने भी प्रतिनिधिमंडल के साथ मुख्यमंत्री से मुलाकात कर बुग्याल क्षेत्रों से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर स्थानीय हितों को प्राथमिकता देते हुए राज्य सरकार द्वारा किए गए प्रयासों की सराहना की। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि उत्तराखंड के बुग्याल प्रदेश की प्राकृतिक और सांस्कृतिक धरोहर हैं तथा इनसे बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों की आजीविका और पर्यटन गतिविधियां जुड़ी हुई हैं।

प्रतिनिधिमंडल ने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार पर्यावरण संरक्षण, स्थानीय रोजगार और पर्यटन विकास के बीच बेहतर संतुलन स्थापित करने की दिशा में प्रभावी कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों की भौगोलिक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए सरकार की विकास योजनाएं स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती देने में सहायक साबित होंगी।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता जनता की समस्याओं का समयबद्ध समाधान और प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र का संतुलित विकास है। उन्होंने अधिकारियों को संवेदनशीलता और तत्परता के साथ जन समस्याओं का निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में सचिव विनय शंकर पांडेय, गढ़वाल आयुक्त आनंद स्वरूप, आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप, अपर सचिव जे.सी. कांडपाल सहित मुख्यमंत्री कार्यालय के अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।