देहरादून पहुंची संत गुरु रविदास जी की मंगल कलश रथ यात्रा, मेयर सौरभ थपलियाल ने किया स्वागत

देहरादून। देहरादून के मेयर सौरभ थपलियाल ने संत शिरोमणि सद्गुरु श्री गुरु रविदास जी महाराज की 650वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित ‘समरसता संकल्प अभियान’ के अंतर्गत वाराणसी से देहरादून पहुंची पावन मंगल कलश रथ यात्रा में सहभागिता करते हुए श्रद्धापूर्वक मंगल कलश का स्वागत एवं पूजन किया।

रिस्पना पुल, आराघर चौक, सर्वे चौक और करनपुर सहित विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर रथ यात्रा का भव्य स्वागत किया। श्रद्धालुओं की उत्साहपूर्ण सहभागिता से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। इसके बाद डी.एल. रोड स्थित संत शिरोमणि गुरु रविदास मंदिर में विधिवत पूजन-अर्चन कर प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और सामाजिक समरसता की कामना की गई।

मेयर सौरभ थपलियाल ने कहा कि संत गुरु रविदास जी महाराज ने अपने जीवन और वाणी के माध्यम से समाज को समानता, भाईचारे, सेवा और मानवता का अमूल्य संदेश दिया। उनके आदर्श आज भी समाज को भेदभाव से ऊपर उठकर समरस और न्यायपूर्ण व्यवस्था के निर्माण की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने सभी से संत रविदास जी के बताए मार्ग पर चलकर सामाजिक एकता और सद्भाव को मजबूत करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, कैबिनेट मंत्री खजान दास, विधायक विनोद चमोली, विधायक उमेश शर्मा काऊ, विधायक सविता हरबंस कपूर, भाजपा महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ उमेश अग्रवाल सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।