ऊधम सिंह नगर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को गदरपुर स्थित कम्बोज धर्मशाला में शहीद शिरोमणि ऊधम सिंह के शहादत दिवस पर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर उन्होंने अखण्ड पाठ में सहभागिता की तथा गुरुद्वारे में मत्था टेककर प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
मुख्यमंत्री ने गुरु साहिब एवं अमर शहीद ऊधम सिंह को नमन करते हुए कहा कि यह समागम वीरता और आध्यात्मिकता का अद्भुत संगम है। उन्होंने कहा कि जब भी देश अमर शहीद ऊधम सिंह के त्याग, साहस और राष्ट्रभक्ति को याद करता है, तो प्रत्येक भारतीय का सीना गर्व से चौड़ा हो जाता है।
उन्होंने कहा कि जलियांवाला बाग हत्याकांड भारतीय इतिहास का सबसे दर्दनाक और काला अध्याय था। शहीद ऊधम सिंह ने उस अन्याय का प्रतिकार कर पूरी दुनिया के सामने भारत के स्वाभिमान, साहस और अदम्य संकल्प का परिचय दिया। उनका जीवन साहस, स्वाभिमान, राष्ट्रभक्ति और बलिदान की अमर प्रेरणा है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि श्री गुरु ग्रंथ साहिब की पावन वाणी मानवता, करुणा, सत्य, भाईचारे और निस्वार्थ सेवा का संदेश देती है। गुरु साहिब की शिक्षाएं समाज और राष्ट्र को सही दिशा प्रदान करती हैं तथा सेवा और समर्पण की भावना को मजबूत बनाती हैं।
उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखण्ड के विकास में सिख समाज का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। मुख्यमंत्री ने सभी से आह्वान किया कि वे शहीद ऊधम सिंह के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाते हुए राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं।
कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री प्रदीप बत्रा, विधायक अरविन्द पाण्डेय, शिव अरोरा, त्रिलोक सिंह चीमा, भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल, मनोज पाल, मेयर विकास शर्मा, दीपक बाली, दायित्वधारी अनिल कपूर डब्बू सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।