देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश के बुनियादी ढांचे, सुरक्षा, कुंभ मेला-2027 की तैयारियों, शिक्षा और पेंशनरों के हितों से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी है। मुख्यमंत्री के अनुमोदन से हरिद्वार और देहरादून में विकास कार्यों के लिए करोड़ों रुपये की योजनाएं स्वीकृत की गई हैं।
मुख्यमंत्री ने हरिद्वार जनपद की पुलिस चौकी सुल्तानपुर के प्रशासनिक भवन के निर्माण के लिए 2.41 करोड़ रुपये की परियोजना के तहत प्रथम किस्त के रूप में 96.59 लाख रुपये जारी करने की स्वीकृति दी है। इसके साथ ही देहरादून के न्यू कैंट मार्ग पर 1.650 किलोमीटर सड़क को दो लेन से तीन लेन में अपग्रेड करने के लिए यूटिलिटी और पेयजल लाइन शिफ्टिंग कार्य हेतु 11.95 करोड़ रुपये की योजना को भी मंजूरी प्रदान की गई है।
कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को गति देते हुए मुख्यमंत्री ने सिंचाई विभाग के अंतर्गत हरिद्वार के चंडी घाट डाउनस्ट्रीम स्थित गौरीशंकर क्षेत्र में गंगा नदी के बाएं तट पर घाट एवं आस्था पथ निर्माण के लिए 98.18 करोड़ रुपये तथा बैरागी कैंप क्षेत्र में गंगा नदी के दाहिने तट पर घाट एवं आस्था पथ निर्माण के लिए 115.91 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत करने का अनुमोदन दिया है। इन परियोजनाओं से श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और कुंभ मेले के दौरान व्यवस्थाओं को सुदृढ़ बनाने में मदद मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने भूतपूर्व सैनिकों के आश्रित छात्र-छात्राओं को इंजीनियरिंग, मेडिकल एवं पीएचडी की शिक्षा के लिए कारगिल शहीद परिवार मुख्यमंत्री सहायता कोष से 36.84 लाख रुपये की छात्रवृत्ति राशि स्वीकृत करने का भी अनुमोदन प्रदान किया है।
इसके अलावा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सार्वजनिक निकायों एवं उपक्रमों के सिविल तथा पारिवारिक पेंशनरों को 1 जनवरी 2026 से महंगाई राहत (डीआर) की वर्तमान दर बढ़ाकर 60 प्रतिशत प्रतिमाह किए जाने को भी मंजूरी दी है। सरकार के इस निर्णय से हजारों पेंशनरों को सीधा आर्थिक लाभ मिलेगा। मुख्यमंत्री के इन फैसलों को प्रदेश में आधारभूत विकास, धार्मिक पर्यटन, पूर्व सैनिकों के परिवारों के कल्याण और सामाजिक सुरक्षा को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।