देहरादून। जनगणना-2027 के सफल और सुव्यवस्थित संचालन के लिए तैयारियां तेज़ कर दी गई हैं। इसी क्रम में जिला जनगणना कार्यालय, देहरादून द्वारा नगर निगम परिसर में जनगणना से जुड़े अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण का उद्देश्य जनगणना हस्तपुस्तिका, प्रक्रियाओं और आगामी कार्ययोजना की विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराना था।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिला जनगणना कार्यालय के प्रभारी प्रशिक्षक प्रदीप यादव एवं शकुलदीप चौहान ने प्रतिभागियों को जनगणना के तकनीकी एवं प्रशासनिक पहलुओं की विस्तार से जानकारी दी। इस दौरान जनगणना कार्यों के संचालन, अभिलेखों के संधारण, डेटा प्रबंधन तथा आगामी चरणों की तैयारियों पर विशेष मार्गदर्शन दिया गया।
कार्यक्रम में कुल 42 अधिकारियों और कर्मचारियों ने प्रशिक्षण प्राप्त किया। प्रशिक्षण में चार्ज अधिकारी एवं टाउन अधिकारी डॉ. वरुण अग्रवाल, वरिष्ठ पशु चिकित्सा अधिकारी, नगर निगम देहरादून ने भी भाग लिया और जनगणना कार्यों के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर अपने सुझाव साझा किए।
नगर निगम देहरादून के नगर आयुक्त आलोक कुमार पांडे, जो जनगणना कार्यों के प्रधान जनगणना अधिकारी भी हैं, ने बताया कि जनगणना निदेशालय के निर्देशानुसार प्रारंभिक चरण में मकानों की गणना का कार्य पूरा कर संबंधित आंकड़ों की पोर्टल पर प्रविष्टि भी की जा चुकी है। इससे आगामी चरणों के लिए मजबूत आधार तैयार हो गया है।
नगर आयुक्त ने जनगणना को राष्ट्र निर्माण की महत्वपूर्ण प्रक्रिया बताते हुए सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से पूरी गंभीरता, पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सटीक जनगणना आंकड़े भविष्य की विकास योजनाओं, संसाधनों के बेहतर प्रबंधन तथा जनकल्याणकारी नीतियों के निर्माण में अहम भूमिका निभाते हैं।
प्रशिक्षण कार्यक्रम को जनगणना-2027 की तैयारियों को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जिससे आगामी जनगणना कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर सफलतापूर्वक संपन्न किए जा सकेंगे।