देहरादून। नगर निगम देहरादून द्वारा 20 से 25 जुलाई तक संचालित ‘स्वच्छता एवं पर्यावरण जागरूकता अभियान’ के तहत बुधवार को शहर के विभिन्न विद्यालयों में पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। अभियान के अंतर्गत विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के लिए विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है।
नगर आयुक्त आलोक कुमार पांडेय के निर्देशानुसार सभी मुख्य सफाई निरीक्षक (सीएसआई) एवं सफाई निरीक्षकों (एसआई) ने अपने-अपने वार्डों के विद्यालयों में अभियान का संचालन किया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों, शिक्षकों और विद्यालय स्टाफ ने उत्साहपूर्वक पौधरोपण करते हुए स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों को स्वच्छता, कचरा पृथक्करण, एकल-उपयोग प्लास्टिक के दुष्प्रभाव तथा पर्यावरण संरक्षण के महत्व के बारे में जानकारी दी गई। जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण से संबंधित पंपलेट भी वितरित किए गए।
नगर निगम ने बताया कि अभियान के तहत आगामी दिनों में भी विद्यालयों और सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इसका उद्देश्य जनभागीदारी के माध्यम से स्वच्छ, हरित और स्वस्थ देहरादून के निर्माण को बढ़ावा देना है।