देहरादून। उत्तराखंड में 20 जुलाई 2026 को एहतियातन अस्थायी रूप से स्थगित की गई चारधाम यात्रा आवश्यक समीक्षा और यात्रा मार्गों की स्थिति का आकलन करने के बाद पुनः सुचारु रूप से शुरू कर दी गई है। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से सतर्कता बरतने और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने की अपील की है।
गढ़वाल आयुक्त आनंद स्वरूप ने बताया कि चारधाम यात्रा से जुड़े सभी जनपदों के जिला प्रशासन, पुलिस, एसडीआरएफ तथा संबंधित विभागों के समन्वय से यात्रा का संचालन किया जा रहा है। यात्रा मार्गों की लगातार निगरानी की जा रही है और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है।
उन्होंने कहा कि यदि यात्रा के दौरान किसी स्थान पर भारी बारिश, भूस्खलन या अन्य कारणों से मार्ग अस्थायी रूप से बाधित होता है, तो श्रद्धालु प्रशासन द्वारा निर्धारित सुरक्षित स्थानों अथवा होल्डिंग एरिया में ही रुकें और प्रशासन व पुलिस के निर्देशों का पूर्ण पालन करें। परिस्थितियां सामान्य होने के बाद ही यात्रा आगे बढ़ाई जाएगी।
गढ़वाल आयुक्त ने स्पष्ट किया कि यात्रियों की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी संबंधित विभागों को मौसम और यात्रा मार्गों की स्थिति पर लगातार नजर रखने तथा आवश्यकता पड़ने पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन ने श्रद्धालुओं से यात्रा शुरू करने से पहले मौसम की ताजा जानकारी लेने और केवल प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करने की अपील की है।