उत्तराखंड के युवाओं के लिए जापान के खुले रोजगार के द्वार, देहरादून पहुंचा जापानी प्रतिनिधिमंडल

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर उत्तराखंड सरकार राज्य के युवाओं को विदेशों में सीधे रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में तेजी से काम कर रही है। इसी क्रम में जापान की अनाडुकी ग्लोबल करियर कंपनी लिमिटेड का प्रतिनिधिमंडल मंगलवार को देहरादून पहुंचा और क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय तथा दून विश्वविद्यालय का दौरा किया।

प्रतिनिधिमंडल में हिदेतारो उसुई, माई इकुता और मिहोको मात्सुमोतो शामिल रहे। उन्होंने मुख्यमंत्री कौशल उन्नयन एवं वैश्विक रोजगार योजना के तहत जापानी भाषा का प्रशिक्षण ले रहे युवाओं से संवाद किया और प्रशिक्षण कार्यक्रमों का अवलोकन किया। इस दौरान छात्रों को जापानी भाषा के सही उच्चारण, व्यावहारिक संवाद, कॉरपोरेट एथिक्स और जापान की कार्य संस्कृति की जानकारी भी दी गई।

जापानी प्रतिनिधियों ने बताया कि जापान में वर्तमान समय में आईटी, हॉस्पिटैलिटी, इंजीनियरिंग और केयरगिविंग सहित कई क्षेत्रों में जापानी भाषा जानने वाले कुशल युवाओं की बड़ी मांग है। उन्होंने उत्तराखंड के युवाओं के लिए इन क्षेत्रों में रोजगार की संभावनाओं का भी अध्ययन किया।

सेवायोजन निदेशक नरेंद्र सिंह भंडारी ने कहा कि मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार युवाओं को वैश्विक रोजगार के लिए तैयार कर रही है। योजना के तहत विदेशी भाषाओं के प्रशिक्षण के साथ अंतरराष्ट्रीय कार्य संस्कृति और रोजगार संबंधी आवश्यक कौशल भी विकसित किए जा रहे हैं।

प्रतिनिधिमंडल ने दून विश्वविद्यालय में जापानी भाषा विभाग के प्राध्यापकों और प्लेसमेंट सेल के अधिकारियों के साथ बैठक कर भविष्य में शैक्षणिक एवं कौशल विकास सहयोग को और मजबूत बनाने पर सहमति व्यक्त की। उन्होंने कहा कि जापान में सफल करियर के लिए भाषा के साथ वहां की कार्य संस्कृति, सामाजिक व्यवहार और सांस्कृतिक मूल्यों की समझ भी जरूरी है।

अपर सचिव, मुख्यमंत्री मनमोहन मैनाली ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को देश के साथ-साथ विदेशों में भी बेहतर रोजगार दिलाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि जापानी प्रतिनिधिमंडल ने राज्य सरकार की पहल की सराहना की है और भविष्य में प्रशिक्षण कार्यक्रमों को और अधिक प्रभावी बनाने पर भी सहमति बनी है।