देहरादून। मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी की अध्यक्षता में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन से संबंधित शिकायतों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनसमस्याओं के निस्तारण की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने स्वयं कई शिकायतकर्ताओं से दूरभाष पर बातचीत कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों का त्वरित, गुणवत्तापूर्ण और संतोषजनक समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम जनता को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन जनता और प्रशासन के बीच एक महत्वपूर्ण संवाद माध्यम है, इसलिए इसमें दर्ज शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाना चाहिए। समीक्षा के दौरान लंबित मामलों पर विशेष ध्यान देते हुए संबंधित अधिकारियों से जवाबदेही तय करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में अधिकारियों को जनसमस्याओं की प्रभावी मॉनिटरिंग, शिकायतों के नियमित फॉलोअप तथा समाधान प्रक्रिया को और अधिक पारदर्शी एवं जवाबदेह बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।
एमडीडीए उपाध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि शासन की मंशा के अनुरूप जनता की समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
