मुख्यमंत्री धामी ने घटना प्रतिक्रिया प्रणाली पुस्तिका और राज्य आपदा प्रबंधन योजना 2026-27 का किया विमोचन

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज घटना प्रतिक्रिया प्रणाली (IRS) पुस्तिका एवं उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन योजना (SDMP) 2026-27 का विमोचन किया। इन दोनों महत्वपूर्ण दस्तावेजों का उद्देश्य प्रदेश की आपदा प्रबंधन व्यवस्था को अधिक सुदृढ़, प्रभावी और समन्वित बनाना है। इनके माध्यम से आपदा के दौरान त्वरित निर्णय लेने, राहत एवं बचाव कार्यों को बेहतर ढंग से संचालित करने तथा विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित करने में मदद मिलेगी।

घटना प्रतिक्रिया प्रणाली (IRS) पुस्तिका में आपदा के समय विभिन्न अधिकारियों और विभागों की भूमिका, जिम्मेदारियों तथा आपसी समन्वय की व्यवस्था को स्पष्ट किया गया है। इससे राज्य से लेकर स्थानीय स्तर तक आपदा प्रबंधन से जुड़ी प्रतिक्रिया प्रणाली को मजबूत करने और आपात परिस्थितियों में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने में सहायता मिलेगी।

वहीं, उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन योजना (SDMP) 2026-27 में प्रदेश की भौगोलिक परिस्थितियों और आपदा संबंधी संवेदनशीलता को ध्यान में रखते हुए व्यापक कार्ययोजना तैयार की गई है। इसमें आपदा जोखिम न्यूनीकरण, पूर्व तैयारी, चेतावनी प्रणाली, आपदा के दौरान त्वरित प्रतिक्रिया, राहत, पुनर्वास और पुनर्निर्माण जैसे महत्वपूर्ण पहलुओं को समग्र रूप से शामिल किया गया है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड जैसे आपदा की दृष्टि से संवेदनशील राज्य में प्रभावी तैयारी, बेहतर समन्वय और समयबद्ध कार्रवाई बेहद महत्वपूर्ण है। आपदा के दौरान प्रत्येक विभाग और अधिकारी की जिम्मेदारी स्पष्ट होने से राहत एवं बचाव कार्यों को तेजी और प्रभावी ढंग से संचालित किया जा सकता है।

मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि घटना प्रतिक्रिया प्रणाली पुस्तिका और राज्य आपदा प्रबंधन योजना प्रदेश की आपदा प्रबंधन क्षमता को बढ़ाने के साथ ही आपात परिस्थितियों में बेहतर तैयारी और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।