देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सिल्क्यारा-बड़कोट सुरंग रेस्क्यू अभियान की यादें साझा करते हुए कहा कि 12 नवंबर 2023 का वह दिन आज भी उनके मन को भावुक कर देता है, जब उत्तरकाशी की निर्माणाधीन सिल्क्यारा सुरंग में 41 श्रमिक फंस गए थे। उन्होंने कहा कि पूरे देश में दीपावली का पर्व मनाया जा रहा था, लेकिन इस घटना की सूचना मिलते ही सरकार की सबसे बड़ी प्राथमिकता सुरंग में फंसे सभी श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकालना बन गई थी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उस समय उनके मन में केवल एक ही संकल्प था कि सुरंग के भीतर फंसे सभी 41 श्रमिकों को सुरक्षित बाहर लाना है। श्रमिकों के परिजनों की चिंता, उनकी आंखों में अपनों की सुरक्षित वापसी की उम्मीद और सुरंग के भीतर फंसे श्रमिकों का भरोसा रेस्क्यू अभियान को सफल बनाने की प्रेरणा बना। उन्होंने कहा कि उन्होंने श्रमिकों के परिजनों को भरोसा दिलाया था कि सरकार पूरी ताकत से प्रयास करेगी और उनके अपनों को सुरक्षित वापस लाएगी।
उन्होंने कहा कि एक मुख्यमंत्री के रूप में यह केवल प्रशासनिक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि उनके लिए व्यक्तिगत संकल्प भी था। हर बैठक, समीक्षा और निर्णय के दौरान उनके सामने उन 41 श्रमिकों के चेहरे और उनके परिवारों की उम्मीदें रहती थीं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि रेस्क्यू अभियान के दौरान परिस्थितियां लगातार चुनौतीपूर्ण बनी रहीं। कई बार ऐसा लगा कि सफलता बस मिलने ही वाली है, लेकिन अचानक कोई नई बाधा सामने आ जाती थी। कभी मलबा रास्ता रोक देता था, तो कभी चट्टानों के कारण मशीनों के संचालन में मुश्किलें आती थीं। ऑगर मशीन से ड्रिलिंग के दौरान आई बाधाओं ने चुनौती को और कठिन बना दिया था। इसके बावजूद अभियान में जुटी टीमों ने उम्मीद नहीं छोड़ी।
उन्होंने कहा कि एक रास्ते में बाधा आने पर दूसरे विकल्पों पर काम शुरू किया गया। क्षैतिज ड्रिलिंग के साथ वर्टिकल ड्रिलिंग, वैकल्पिक मार्ग और अन्य तकनीकी विकल्पों पर भी एक साथ काम किया गया। इस अभियान में देश के विशेषज्ञों के साथ अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञों की मदद भी ली गई। प्रत्येक एजेंसी और विशेषज्ञ का एक ही लक्ष्य था कि मलबे के उस पार फंसी 41 जिंदगियों तक सुरक्षित पहुंचा जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सुरंग के भीतर फंसे श्रमिकों का साहस और धैर्य पूरे अभियान के लिए सबसे बड़ी प्रेरणा बना। 17 दिनों तक बेहद कठिन परिस्थितियों में रहने के बावजूद श्रमिकों ने जिस हिम्मत और संयम का परिचय दिया, उसने बाहर राहत एवं बचाव कार्य में जुटी टीमों का मनोबल बढ़ाया। जब सुरंग के भीतर से श्रमिकों की आवाज सुनाई देती थी और उनके हौसले की जानकारी मिलती थी, तो अभियान में जुटे लोगों को भी आगे बढ़ने की ताकत मिलती थी।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार पूरे रेस्क्यू अभियान की जानकारी ले रहे थे। उनका स्पष्ट संदेश था कि श्रमिकों की सुरक्षित वापसी सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए हरसंभव प्रयास किए जाएं। केंद्र सरकार की विभिन्न एजेंसियों, राज्य सरकार की टीमों, सेना, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, पुलिस, प्रशासन, तकनीकी विशेषज्ञों और स्थानीय लोगों ने एकजुट होकर अभियान को सफल बनाने में योगदान दिया। यह पूरे देश के सामूहिक प्रयास और समन्वय का उदाहरण था।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 28 नवंबर 2023 का वह क्षण आज भी उनकी स्मृतियों में जीवंत है, जब पहला श्रमिक सुरंग से सुरक्षित बाहर आया। वह भावुक कर देने वाला पल था। इसके बाद एक-एक कर सभी 41 श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इससे न केवल उनके परिवारों में, बल्कि पूरे देश में खुशी और राहत की लहर दौड़ गई। उन्होंने कहा कि 17 दिनों तक चिंता और अनिश्चितता में रहे परिवारों के अपने लोग जब सुरक्षित उनके बीच लौटे, तो उन्हें अपार संतोष मिला। परिजनों से किया गया वादा पूरा होना उनके लिए सबसे बड़ी खुशी थी।
मुख्यमंत्री ने इस कठिन अभियान के दौरान बाबा बौखनाग के प्रति स्थानीय लोगों और श्रमिकों के परिवारों की गहरी आस्था का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि लोगों की श्रद्धा और प्रार्थनाओं ने कठिन परिस्थितियों में विश्वास और हौसला बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्हें भी विश्वास था कि बाबा बौखनाग की कृपा और सभी की प्रार्थनाओं से इस कठिन परीक्षा में सफलता मिलेगी।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि सिल्क्यारा रेस्क्यू अभियान ने सिखाया कि संकट कितना भी बड़ा क्यों न हो, उम्मीद और प्रयास कभी नहीं छोड़ने चाहिए। इस अभियान ने यह भी साबित किया कि आपदा के समय साहस, धैर्य, त्वरित निर्णय, बेहतर समन्वय, तकनीकी विशेषज्ञता और मानवीय संवेदना की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। सिल्क्यारा का यह अभियान सामूहिक संकल्प, टीम भावना और मानव जीवन की रक्षा के प्रति प्रतिबद्धता का अविस्मरणीय उदाहरण है।

