देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज खटीमा में आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग करते हुए खटीमा चौक से थारू विकास भवन तक ₹14.97 करोड़ की लागत से प्रस्तावित मोटर मार्ग चौड़ीकरण कार्य का विधिवत भूमि पूजन किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़क चौड़ीकरण कार्य पूरा होने के बाद स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों और आसपास के क्षेत्रों से आने-जाने वाले लोगों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी। इससे यातायात व्यवस्था सुचारु होगी और जाम की समस्या से भी राहत मिलेगी।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने खटीमा की जनता के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनका खटीमा से रिश्ता केवल जनप्रतिनिधि का नहीं, बल्कि मां-बेटे के अटूट रिश्ते जैसा है। यहां की जनता का स्नेह और आशीर्वाद उन्हें निरंतर प्रदेश की सेवा करने की प्रेरणा और ऊर्जा देता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार खटीमा के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। क्षेत्र में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, परिवहन सहित विभिन्न बुनियादी सुविधाओं को मजबूत किया जा रहा है। राजकीय महाविद्यालय में भवन निर्माण, आईटीआई और बालिका विद्यालयों के आधुनिकीकरण सहित शिक्षा के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण कार्य किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि क्षेत्र में सड़कों के चौड़ीकरण, पुलों के निर्माण और बस अड्डे जैसी आधारभूत सुविधाओं के विकास से स्थानीय लोगों को लाभ मिल रहा है। किसानों के हितों को प्राथमिकता देते हुए चीनी मिल के संचालन, गन्ने की समय पर पेराई और भुगतान सुनिश्चित करने की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि खटीमा में जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए व्यापक स्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं। इसके अलावा ऑक्सीजन पार्क, क्रोकोडाइल पार्क और धार्मिक स्थलों के विकास से क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
इससे पूर्व मुख्यमंत्री खटीमा चौराहे से कार्यक्रम स्थल तक पैदल पहुंचे। रास्ते में स्थानीय नागरिकों ने विभिन्न स्थानों पर फूल-मालाओं से उनका स्वागत किया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, दायित्वधारी श्रीमती मोहिनी पोखरिया, संतोष गौरव, गंभीर सिंह धामी, किशन सिंह, रणजीत सिंह नामधारी, भाजपा नेता सतीश भट्ट, रामू भारती, एडीएम पंकज उपाध्याय सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

