रिकांगपिओ/किन्नौर:जिला कांग्रेस कमेटी, किन्नौर के अध्यक्ष नेगी निगम भण्डारी ने “वोट बचाओ–देश बचाओ” अभियान के तहत चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली, मतदाता सूची में पारदर्शिता और लोकतंत्र की रक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। रिकांगपिओ में आयोजित एक प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने कहा कि स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव ही भारतीय लोकतंत्र की मूल बुनियाद हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि देश के प्रत्येक पात्र नागरिक के मताधिकार की रक्षा करना चुनाव आयोग की प्राथमिक और संवैधानिक जिम्मेदारी है, जिससे किसी भी सूरत में समझौता नहीं किया जाना चाहिए।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने मतदाता सूची से नाम हटाने, नए नाम जोड़ने, पुनर्बहाली तथा विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की प्रक्रिया पर ज़ोर देते हुए इसमें पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि कई स्थानों पर पात्र मतदाताओं के नाम गलत तरीके से काटे जाने की शिकायतें मिल रही हैं। श्री भण्डारी ने मांग की कि इन सभी शिकायतों की निष्पक्ष जांच की जानी चाहिए और यदि जांच में किसी भी स्तर पर अनियमितता प्रमाणित होती है, तो संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ सख्त नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
चुनामी प्रक्रिया की साख पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग की निर्णय प्रक्रिया और इलेक्ट्रॉनिक डेटा की उपलब्धता को लेकर समय-समय पर उठ रहे सवालों का आयोग को तथ्यों के आधार पर स्पष्ट जवाब देना चाहिए। चुनावी रिकॉर्ड के सुरक्षित संरक्षण और सार्वजनिक उपलब्धता से जुड़ी स्थिति स्पष्ट होने से ही देश की जनता का लोकतांत्रिक संस्थाओं पर विश्वास मजबूत होगा।
इस अवसर पर नेगी निगम भण्डारी ने किन्नौर जिला कांग्रेस कमेटी के समस्त पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से 1 नवंबर 2026 को इंडिया महागठबंधन द्वारा दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित होने वाली विशाल महारैली में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से लोकतंत्र, संविधान और मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा से जुड़े मुद्दों पर अपनी सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की।
इस कार्यक्रम में राजीव गांधी पंचायती राज संगठन के राष्ट्रीय सचिव राम सिंह नेगी, हिमाचल प्रदेश आदिवासी कांग्रेस के वाइस चेयरमैन ठाकुर सिंह बिष्ट, पंचायती राज संगठन के जिला अध्यक्ष कीर्ति नेगी, हिमाचल प्रदेश फुटबॉल एसोसिएशन के वाइस प्रेसिडेंट वीरेंद्र नेगी, किन्नौर युवा कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष समद भादर, युवा कांग्रेस अध्यक्ष अजय ठाकुर और राजकीय महाविद्यालय रिकांगपिओ के कैंपस प्रेसिडेंट विवेक नेगी सहित कई प्रमुख पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे। विज्ञप्ति के अंत में निगम भण्डारी ने दोहराया कि लोकतंत्र में जनता का विश्वास सर्वोपरि है और किन्नौर कांग्रेस निष्पक्ष चुनाव व्यवस्था की बहाली के लिए लगातार संघर्ष करती रहेगी।

