देहरादून: उत्तराखंड क्रांति दल (उक्रांद) 11 से 17 अक्टूबर तक ‘उत्तराखंड उत्थान यात्रा’ निकालेगा। हल्द्वानी से शुरू होने वाली यह यात्रा कुमाऊं मंडल के सभी विधानसभा क्षेत्रों से गुजरेगी। दल ने यात्रा के माध्यम से मूल निवास, भू-कानून, युवाओं के रोजगार, पलायन और प्रदेश के संसाधनों पर स्थानीय लोगों के अधिकार जैसे मुद्दों को उठाने की बात कही है।
उक्रांद के केंद्रीय सह मीडिया प्रभारी प्रकाश भट्ट की ओर से जारी विज्ञप्ति में बताया कि उक्रांद के केंद्रीय अध्यक्ष सुरेन्द्र कुकरेती ने शनिवार को प्रदेशवासियों, युवाओं, महिलाओं, राज्य आंदोलनकारियों और सामाजिक संगठनों से यात्रा में भागीदारी की अपील की। उन्होंने कहा कि यात्रा का उद्देश्य जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं, अपेक्षाओं और अधिकारों से जुड़े मुद्दों को उठाना है।
कुकरेती ने कहा कि उत्तराखंड राज्य की स्थापना जिन सपनों और संघर्षों के आधार पर हुई थी, उन्हें साकार करने के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने, पलायन रोकने तथा मूल निवास और भू-कानून जैसे विषयों पर जनजागरण की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि यात्रा को जन अभियान बनाने के लिए प्रदेश के सभी वर्गों की भागीदारी जरूरी है। दल के अनुसार, यात्रा के माध्यम से उत्तराखंड की क्षेत्रीय अस्मिता, जन अधिकारों और प्रदेश के भविष्य से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा।

