नम आंखों से मां नंदा की डोली को दी विदाई, वाण से वेदनी के लिए रवाना हुई जात

देहरादून। मां नंदा की जात आज वाण से गैरोली पातल होते हुए वेदनी के लिए रवाना हुई। मां नंदा की डोली के वाण से प्रस्थान के दौरान भावुक दृश्य देखने को मिला। स्थानीय ग्रामीणों और श्रद्धालुओं ने नम आंखों से मां नंदा की डोली को अगले पड़ाव के लिए विदाई दी। इस दौरान पूरा वाण क्षेत्र मां नंदा के जयकारों, जागरों और पारंपरिक मांगल गीतों से गूंज उठा।

डोली के प्रस्थान से पहले जिलाधिकारी गौरव कुमार ने मां नंदा की विधिवत पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया। उन्होंने प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, खुशहाली और शांति की कामना करते हुए मां नंदा की बड़ी जात के सकुशल एवं निर्विघ्न संपन्न होने की प्रार्थना की। पूजा-अर्चना के बाद पारंपरिक रीति-रिवाजों, जागरों और जयकारों के बीच डोली को अगले पड़ाव के लिए विदा किया गया। राज जात में 40 से अधिक छंतोलियों के साथ सैकड़ों देव निशान और बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हैं। वाण से डोली के प्रस्थान के दौरान पारंपरिक वाद्ययंत्रों की धुन, जागरों और मांगल गीतों से वातावरण भक्तिमय बना रहा। डोली के साथ चल रहे श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह और श्रद्धा का भाव नजर आया। ग्रामीणों ने अपनी परंपरा और लोक संस्कृति के अनुरूप मां नंदा को विदाई दी।

यात्रा व्यवस्थाओं का लिया जायजा
मां नंदा की जात के वाण से प्रस्थान से पहले जिलाधिकारी गौरव कुमार और पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने यात्रा पड़ाव पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने यात्रा मार्ग एवं पड़ावों पर श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि यात्रा के आगामी पड़ावों पर भी श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाए। साथ ही यात्रा मार्ग और पड़ावों पर व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी करने तथा आवश्यकता पड़ने पर तत्काल व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए।

जिला प्रशासन की ओर से मां नंदा की जात को सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए यात्रा मार्ग और प्रमुख पड़ावों पर आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा के लिए वरिष्ठ अधिकारी लगातार यात्रा मार्ग और पड़ावों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं।

श्रद्धालुओं से सावधानी बरतने की अपील
जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं से पर्वतीय मार्ग और मौसम की परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए सावधानी बरतने की अपील की है। प्रशासन ने निर्धारित मार्ग का ही उपयोग करने तथा यात्रा के दौरान जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने का अनुरोध किया है। साथ ही सभी श्रद्धालुओं से यात्रा को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित बनाने में सहयोग करने की अपील की गई है। इस दौरान थराली विधायक भूपाल राम टम्टा, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी, अन्य जनप्रतिनिधि, वाणवासी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।