मेयर सौरभ थपलियाल ने डोईवाला में खाटू श्याम जागरण एवं भजन संध्या में की शिरकत

देहरादून। महानगर निगम देहरादून के मेयर सौरभ थपलियाल ने डोईवाला में श्री श्याम मस्त मंडल की ओर से आयोजित श्री खाटू श्याम जी के पावन जागरण एवं भजन संध्या में सहभागिता की।

इस अवसर पर मेयर ने बाबा श्याम के भव्य दरबार में दर्शन कर विधिवत पूजा-अर्चना की और प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। भक्ति और आस्था से सराबोर माहौल में उन्होंने श्रद्धालुओं के साथ बाबा श्याम के जयकारों और भजनों का आनंद लिया।

श्री श्याम मस्त मंडल की ओर से कई वर्षों से आयोजित किया जा रहा यह धार्मिक आयोजन डोईवाला की धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुका है। मेयर ने आयोजन समिति और सभी श्याम भक्तों को सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं।