अल्मोड़ा। योनेक्स सनराइज अखिलेश दास मेमोरियल ऑल इंडिया सीनियर रैंकिंग बैडमिंटन टूर्नामेंट में अल्मोड़ा की युवा बैडमिंटन खिलाड़ी अदिति भट्ट ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दोहरा खिताब अपने नाम किया। 28 सितंबर को लखनऊ में आयोजित टूर्नामेंट में अदिति ने महिला डबल्स और मिक्स्ड डबल्स, दोनों वर्गों में स्वर्ण पदक हासिल किया।
महिला डबल्स में शानदार जीत
महिला डबल्स में अदिति भट्ट ने महाराष्ट्र की श्रावणी वालेकर के साथ जोड़ी बनाई। क्वार्टर फाइनल में दोनों ने ओडिशा की ऋतुपर्णा पांडा और श्वेतप्रणा पांडा की जोड़ी को 7-15, 15-7, 15-8 से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। सेमीफाइनल में कर्नाटक की न्यासा करिअप्पा ए और तमिलनाडु की प्रवंधिका राघवन की जोड़ी को 15-11, 15-10 से पराजित कर फाइनल में जगह बनाई।
फाइनल मुकाबले में अदिति और श्रावणी की जोड़ी ने केरल की नयना एस ओसिस और तमिलनाडु की वार्षिनी विश्वनाथ श्री की जोड़ी को 15-10, 15-8 से हराकर महिला डबल्स का स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
मिक्स्ड डबल्स में भी जीता स्वर्ण
मिक्स्ड डबल्स में अदिति भट्ट ने दिल्ली के भव्य छाबड़ा के साथ जोड़ी बनाई। क्वार्टर फाइनल में उन्होंने दिल्ली के दिव्यांश रावत और कर्नाटक की कनिका श्री की जोड़ी को 15-6, 15-14 से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया।
सेमीफाइनल में अदिति और भव्य की जोड़ी ने दिल्ली के वंश देव और मिजोरम की लालरेमपुल की जोड़ी को कड़े मुकाबले में 15-8, 13-15, 15-13 से हराया। फाइनल में डी. संजय श्रीवास्तव और अध्या वारियथ की जोड़ी को 15-13, 15-9 से शिकस्त देकर मिक्स्ड डबल्स का खिताब भी अपने नाम कर लिया।
उत्तराखंड का बढ़ाया गौरव
अदिति भट्ट मूल रूप से द्वाराहाट, अल्मोड़ा के धनखोली गांव की रहने वाली हैं और वर्तमान में बेंगलुरु में प्रशिक्षण ले रही हैं। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में लगातार शानदार प्रदर्शन कर वह उत्तराखंड का गौरव बढ़ा रही हैं।
अदिति की इस उपलब्धि पर उत्तराखंड बैडमिंटन संघ के चीफ पैट्रन एवं पूर्व पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार, अध्यक्ष डॉ. अलकनंदा अशोक, सचिव बीएस मनकोटी, कोषाध्यक्ष रामावतार अग्रवाल, जिला बैडमिंटन संघ अल्मोड़ा के अध्यक्ष सुरेश कर्नाटक, उपाध्यक्ष गोकुल सिंह मेहता, राकेश जायसवाल, सचिव डॉ. संतोष बिष्ट, उप सचिव संजय नज्झोंन, मीडिया प्रभारी डीके जोशी, कोषाध्यक्ष नंदन रावत, अमरनाथ सिंह, अंतरराष्ट्रीय बैडमिंटन कोच डीके सेन, लोकेश नेगी सहित अल्मोड़ा बैडमिंटन परिवार, उत्तराखंड बैडमिंटन संघ के पदाधिकारियों, खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों ने खुशी जताते हुए अदिति को शुभकामनाएं दीं।