देहरादून। देहरादून जिले के चकराता क्षेत्र में शनिवार सुबह एक कार अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 35 मीटर नीचे गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि तीन अन्य को हल्की चोटें आई हैं। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद सभी पांच घायलों को सुरक्षित खाई से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।
एसडीआरएफ के अनुसार, डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली थी कि सहिया से पहले लालपुल के पास एक वाहन सड़क से नीचे खाई में गिर गया है और उसमें कुछ लोग फंसे हुए हैं। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ चकराता की टीम उप निरीक्षक जसपाल सिंह के नेतृत्व में घटनास्थल के लिए रवाना हुई। मौके पर पहुंचने पर टीम ने पाया कि कार सड़क से करीब 35 मीटर नीचे खाई में गिरी हुई थी। वाहन में कुल पांच लोग सवार थे, जिनमें तीन पुरुष और दो महिलाएं शामिल थीं। एसडीआरएफ जवानों ने स्थानीय पुलिस के साथ समन्वय कर तत्काल रेस्क्यू अभियान शुरू किया। जवानों ने गहरी खाई में उतरकर घायलों तक पहुंच बनाई और एक-एक कर सभी पांचों घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद सभी को एंबुलेंस के माध्यम से उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
घायलों की पहचान रोहन कुमार (23), निवासी नई दिल्ली; अभिषेक दुबे (26), निवासी रोहिणी, दिल्ली; अभिषेक (26), निवासी नोएडा, उत्तर प्रदेश; शिवानी सिंह (22) और प्रिन्स राज (22), दोनों निवासी वाराणसी, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।