ऐतिहासिक बग्वाल मेले में शामिल होने देवीधुरा पहुंचे सीएम धामी

चम्पावत। चम्पावत के विश्व प्रसिद्ध शक्तिपीठ माँ वाराही धाम, देवीधुरा में शुक्रवार को आयोजित ऐतिहासिक बग्वाल मेले में प्रतिभाग करने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी हेलीकॉप्टर से देवीधुरा पहुंचे। हेलीपैड पर मुख्यमंत्री का जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। देवीधुरा हेलीपैड पर पारंपरिक लोकनृत्य छोलिया की मनमोहक प्रस्तुति के साथ मुख्यमंत्री का स्वागत किया गया। इस दौरान पुलिस बल ने मुख्यमंत्री को गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया। मुख्यमंत्री के स्वागत के लिए हेलीपैड पर कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, जिलाधिकारी मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक रेखा यादव सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।

इसके अलावा जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी, भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सिंह सामंत, भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ता सतीश चंद्र पांडेय सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं पार्टी कार्यकर्ताओं ने भी हेलीपैड पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का स्वागत किया। देवीधुरा पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री ऐतिहासिक बग्वाल मेले में प्रतिभाग करेंगे। रक्षाबंधन के अवसर पर आयोजित यह प्रसिद्ध मेला उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति, धार्मिक आस्था और सदियों पुरानी परंपराओं का प्रमुख केंद्र है।