हिमाचलः आईटीआई मंडी के अनुदेशक जगमोहन शर्मा को राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार, 5 सितंबर को राष्ट्रपति करेंगी सम्मानित

मंडी। हिमाचल प्रदेश के तकनीकी शिक्षा क्षेत्र ने राष्ट्रीय मंच पर अपनी सफलता का परचम लहराया है। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान मंडी के फिटर ट्रेड अनुदेशक जगमोहन शर्मा का चयन देश के सर्वोच्च सम्मानों में शामिल राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार-2026 के लिए हुआ है। केंद्रीय कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, उन्हें यह पुरस्कार व्यावसायिक प्रशिक्षण एवं उद्यमिता विकास में उत्कृष्टता श्रेणी में दिया जा रहा है।

आगामी पांच सितंबर (शिक्षक दिवस) को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित भव्य राष्ट्रीय समारोह में उन्हें पदक, 50,000 रुपए नकद राशि तथा प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। उन्हें सम्मानित राष्ट्रपति द्रौपति मुर्मू करेगी। अनुदेशक जगमोहन शर्मा की यह उपलब्धि इसलिए भी खास है, क्योंकि ठीक एक वर्ष पूर्व 2025 में उन्हें हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल द्वारा स्टेट टीचर अवार्ड से सम्मानित किया गया था।