मुख्यमंत्री  धामी ने प्रदेशवासियों को दी रक्षाबंधन की शुभकामनाएं

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों को रक्षाबंधन के पावन पर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। रक्षाबंधन की पूर्व संध्या पर जारी अपने संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा कि यह भाई-बहन के अटूट प्रेम, विश्वास, स्नेह, समर्पण और सुरक्षा के संकल्प का पवित्र पर्व है। यह त्योहार हमारी समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं के साथ-साथ नारी सम्मान और सामाजिक सद्भाव की भावना को भी मजबूत करता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि रक्षाबंधन का पर्व महिलाओं के प्रति आदर, सम्मान और सुरक्षा की भावना को सुदृढ़ करने का भी अवसर है। उन्होंने कहा कि महिलाओं के सशक्तिकरण के बिना समृद्ध और विकसित उत्तराखंड की कल्पना पूरी नहीं हो सकती। महिलाओं के सशक्तिकरण और उनकी प्रगति के लिए आदर्श समाज के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की सहभागिता आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि मातृशक्ति का सम्मान और सशक्तिकरण राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता के लिए अनेक महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। उत्तराखंड में भी महिलाओं को स्वरोजगार, उद्यमिता और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के साथ सरकारी सेवाओं में 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण का प्रावधान किया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की लाखों महिलाएं स्वयं सहायता समूहों से जुड़कर आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रही हैं। इससे महिलाओं की आर्थिक स्थिति मजबूत होने के साथ उनके आत्मविश्वास और सामाजिक भागीदारी में भी वृद्धि हो रही है।

मुख्यमंत्री धामी ने बताया कि रक्षाबंधन के अवसर पर 28 और 29 अगस्त को प्रदेश की महिलाओं के लिए उत्तराखंड परिवहन निगम की बसों में निःशुल्क यात्रा की सुविधा प्रदान की गई है। उन्होंने प्रदेशवासियों से महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए मिलकर कार्य करने का आह्वान करते हुए रक्षाबंधन के पावन पर्व को आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक सद्भाव के साथ मनाने की अपील की।