देहरादून। उत्तराखंड में मानसून की चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद चारधाम यात्रा निर्बाध रूप से जारी है। इस यात्राकाल के 125 दिनों में अब तक 48 लाख 04 हजार 897 श्रद्धालु चारधामों के दर्शन कर चुके हैं। यह संख्या पिछले वर्ष की समान अवधि के मुकाबले 5 लाख 22 हजार 634 अधिक है। खास बात यह है कि यमुनोत्री धाम में पहली बार श्रद्धालुओं की संख्या 6 लाख 68 हजार के पार पहुंच गई है।
इस वर्ष 19 अप्रैल को गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट खुलने के साथ चारधाम यात्रा का शुभारंभ हुआ था। शुक्रवार, 21 अगस्त तक कुल 48,04,897 श्रद्धालु चारधाम पहुंच चुके हैं, जबकि वर्ष 2025 की इसी अवधि में 42,82,263 यात्रियों ने दर्शन किए थे।
यमुनोत्री में टूटा पुराना रिकॉर्ड
यमुनोत्री धाम की यात्रा ने इस वर्ष नया रिकॉर्ड कायम किया है। अब तक 6 लाख 68 हजार 163 श्रद्धालु मां यमुना के दर्शन कर चुके हैं। वर्ष 2025 में यह संख्या 6 लाख 44 हजार 637 थी। इस तरह इस वर्ष यमुनोत्री में पिछले साल के मुकाबले श्रद्धालुओं की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।
चारों धामों में अब तक बद्रीनाथ में 16 लाख 54 हजार 263, केदारनाथ में 14 लाख 65 हजार 370, गंगोत्री में 7 लाख 47 हजार 671 और यमुनोत्री में 6 लाख 68 हजार 163 श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। वहीं, हेमकुंड साहिब में 2 लाख 69 हजार 430 श्रद्धालु मत्था टेक चुके हैं।
बद्रीनाथ में भी श्रद्धालुओं का उत्साह बरकरार
भगवान बद्री विशाल के दर्शनों को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। बद्रीनाथ धाम में पिछले वर्ष की तुलना में इस बार 3 लाख 62 हजार 304 अधिक श्रद्धालु पहुंच चुके हैं।
सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा है कि चारधाम यात्रियों की सुरक्षा प्रदेश सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। चारों धामों के साथ ही यात्रा पड़ावों पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। मौसम खराब होने की स्थिति में यात्रा को नियंत्रित भी किया जा रहा है, ताकि किसी तरह की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो।
मानसून सीजन को देखते हुए यात्रा का संचालन विशेष सतर्कता और निरंतर निगरानी के साथ किया जा रहा है। यात्रा से जुड़े रुद्रप्रयाग, चमोली और उत्तरकाशी जिलों में आपदा प्रबंधन तंत्र को 24 घंटे अलर्ट मोड पर रखा गया है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर जिला प्रशासन भी यात्रा व्यवस्थाओं पर लगातार नजर बनाए हुए है।
मौसम को लेकर एडवाइजरी जारी
प्रशासन ने मौसम के मिजाज को देखते हुए तीर्थयात्रियों के लिए विशेष एडवाइजरी जारी की है। खराब मौसम की स्थिति में यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आवश्यकतानुसार यात्रा को नियंत्रित किया जा रहा है। इसके बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह में कोई कमी नहीं आई है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में किए जा रहे यात्रा प्रबंधन और सुरक्षा इंतजामों के चलते चारधाम यात्रा हर वर्ष नए आंकड़े स्थापित कर रही है। इस बार भी मानसून की चुनौती के बीच श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या उत्तराखंड की चारधाम यात्रा के प्रति देशभर में बढ़ते विश्वास और आस्था को दर्शा रही है।