हरिद्वार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरिद्वार में परम पूज्य सतगुरु लाल दास जी महाराज भूरीवाले के 51वें निर्वाण दिवस के अवसर पर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि पूज्य महाराज जी ने मानवता की सेवा को ही ईश्वर की सच्ची पूजा माना और अपने जीवन के माध्यम से यह संदेश दिया कि पीड़ित एवं जरूरतमंदों की सेवा ही प्रभु तक पहुंचने का सबसे सरल मार्ग है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में उत्तराखंड को विश्व की ‘आध्यात्मिक राजधानी’ के रूप में स्थापित करने के संकल्प के साथ राज्य सरकार निरंतर आगे बढ़ रही है। इसी उद्देश्य से प्रदेश में धार्मिक एवं आध्यात्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने वाली कई महत्वाकांक्षी परियोजनाओं पर तेजी से कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि केदारखंड-मानसखंड मंदिर माला मिशन, हरिपुर-कालसी स्थित पौराणिक यमुनातीर्थ के पुनरुद्धार, हरिद्वार-ऋषिकेश कॉरिडोर और शारदा कॉरिडोर जैसी परियोजनाओं को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है। इन योजनाओं के माध्यम से उत्तराखंड की धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने के साथ प्रदेश को वैश्विक आध्यात्मिक पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक, वेदांताचार्य श्री चेतनानंद महाराज तथा महामंडलेश्वर स्वामी ललितानंद गिरी महाराज सहित अन्य संत-महात्मा एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।