हिमाचलः टापरी सब्जी मंडी में सेब खरीद का शुभारंभ

किन्नौर। जनजातीय जिला किन्नौर की टापरी सब्जी मंडी में 18 अगस्त 2026 को पूजा-पाठ के बाद सेब खरीद का विधिवत शुभारंभ हो गया। सीजन की पहली बोली मंगलवार को लगाई गई, जिसमें बड़ा पेटी 2,800 रुपये और गिफ्ट पेटी 1,600 रुपये के भाव पर बिकी।

जिला किन्नौर के निचार ब्लॉक बीडीसी अध्यक्ष एवं बुलबुल फूड कंपनी, शॉप नंबर-2 के संचालक अनिल नेगी ने बताया कि मंडी में सेब की खरीद शुरू कर दी गई है। बागवानों को उनके उत्पाद का उचित मूल्य देने के साथ-साथ तत्काल भुगतान की सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है।

पहली बोली में मिले बेहतर दाम से किन्नौर के बागवानों में उत्साह है। मंडी संचालक ने बागवानों से अपील की कि वे अपना सेब टापरी सब्जी मंडी में लेकर आएं और अपने उत्पाद का उचित मूल्य प्राप्त करें।

वहीं, उद्यान विभाग किन्नौर के उपनिदेशक शमशेर सिंह ढेहरू के अनुसार इस वर्ष जिले में सेब का उत्पादन पिछले वर्ष की तुलना में कम रहने का अनुमान है। उन्होंने बताया कि सेब की फ्लावरिंग के दौरान मौसम अनुकूल नहीं रहने के कारण फसल प्रभावित हुई है।

उद्यान विभाग के अनुसार इस वर्ष किन्नौर जिले में करीब 28.18 लाख पेटी सेब उत्पादन का अनुमान है। इसके बावजूद मंडी में शुरुआती बोली में मिले अच्छे दामों से बागवानों को बेहतर आय की उम्मीद जगी है।