देहरादून में छात्राओं ने निकाली तिरंगा यात्रा, मेयर सौरभ थपलियाल ने बढ़ाया उत्साह

देहरादून। देहरादून के करनपुर मंडल के अंतर्गत जीजीआईसी इंटर कॉलेज एवं सीएनआई गर्ल्स इंटर कॉलेज की ओर से आयोजित तिरंगा यात्रा में नगर निगम देहरादून के मेयर सौरभ थपलियाल ने सहभागिता की। इस दौरान उन्होंने छात्राओं और स्थानीय नागरिकों के साथ राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत वातावरण में तिरंगा यात्रा का हिस्सा बनकर देशप्रेम का संदेश दिया। हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर निकली छात्राओं की ऊर्जा और उत्साह ने पूरे क्षेत्र को राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग दिया। यात्रा के दौरान तिरंगे के सम्मान और राष्ट्रप्रेम की भावना का उत्साह देखने को मिला।

मेयर थपलियाल ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। तिरंगे के प्रति सम्मान प्रत्येक नागरिक के मन में राष्ट्रभक्ति और देश के प्रति जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करता है। उन्होंने कहा कि ऐसी यात्राएं युवाओं में राष्ट्रप्रेम की भावना को जागृत करने के साथ ही उन्हें राष्ट्र प्रथम के संकल्प के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देती हैं।

तिरंगा यात्रा के माध्यम से विद्यार्थियों ने देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया। यात्रा में शामिल लोगों ने तिरंगे के सम्मान और राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में करनपुर मंडल अध्यक्ष राहुल लारा, स्थानीय पार्षद अशोक डोबरियाल, जीजीआईसी की प्रधानाचार्या प्रेमलता बोडाई, सीएनआई गर्ल्स इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्या रिबेका सिंह, शिक्षकगण, बड़ी संख्या में छात्राएं और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।