देहरादून। राजधानी देहरादून में भारतीय जनता पार्टी के गढ़वाल संभाग के जिलाध्यक्षों एवं मंडल अध्यक्षों की बैठक आयोजित हुई। बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, आगामी कार्ययोजनाओं और संगठनात्मक गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित करने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में कार्यकर्ताओं को पार्टी की सबसे बड़ी ताकत बताते हुए उनसे निरंतर जनता के बीच सक्रिय रहने का आह्वान किया गया। साथ ही केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, नीतियों एवं उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने पर जोर दिया गया, ताकि प्रत्येक पात्र व्यक्ति को सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सके।
पार्टी पदाधिकारियों ने कार्यकर्ताओं से मिशन-2027 की तैयारियों को गति देने और संगठन को और अधिक सशक्त बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता पूरी ऊर्जा, समर्पण और प्रतिबद्धता के साथ जनसेवा में जुटें तथा संगठन की गतिविधियों को बूथ स्तर तक प्रभावी बनाएं।
बैठक में प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, महामंत्री कुंदन परिहार, दीप्ति रावत भारद्वाज, तरुण बंसल समेत पार्टी के अन्य पदाधिकारी एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे।