केदारनाथ पैदल मार्ग पर भूस्खलन से रास्ता अस्थायी रूप से बंद, यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर रोका

रुद्रप्रयाग। गौरीकुंड से लगभग एक किलोमीटर आगे छोड़ी के समीप केदारनाथ पैदल मार्ग पर मंगलवार सुबह पत्थर और मलबा आने से मार्ग अस्थायी रूप से अवरुद्ध हो गया। सुबह 6:01 बजे घटना की सूचना मिलते ही जिला आपदा परिचालन केंद्र ने सेक्टर अधिकारी, गौरीकुंड को तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश जारी किए।

प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर रोक दिया है। संबंधित विभागों की टीमें मौके पर पहुंचकर मलबा हटाने और मार्ग को जल्द से जल्द सुचारु करने के कार्य में जुटी हैं।

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि मार्ग को शीघ्र खोलने के लिए सभी संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर युद्धस्तर पर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और मार्ग पूरी तरह सुरक्षित होने के बाद ही यात्रियों की आवाजाही दोबारा शुरू की जाएगी।

उन्होंने बताया कि मौके पर DDRF, YMF, आपदा मित्र, MPF और पुलिस की टीमें राहत एवं सुरक्षा कार्यों में तैनात हैं। वहीं, किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमों को भी अलर्ट मोड पर रखा गया है।

प्रशासन ने श्रद्धालुओं से धैर्य बनाए रखने, प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने और किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।