राष्ट्रीय झंडा दिवस पर सीएम धामी ने दी प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राष्ट्रीय झंडा अंगीकरण दिवस के अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि 22 जुलाई 1947 का दिन भारतीय इतिहास में गौरवपूर्ण है, क्योंकि इसी दिन भारत के राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे को औपचारिक रूप से राष्ट्रध्वज के रूप में अंगीकार किया गया था।

मुख्यमंत्री ने कहा कि तिरंगा भारत की आन, बान और शान का प्रतीक होने के साथ-साथ देश की एकता, अखंडता और आत्मसम्मान का अमर प्रतीक है। यह प्रत्येक भारतीय के हृदय में राष्ट्रभक्ति, समर्पण और राष्ट्रीय गौरव की भावना का संचार करता है।

सीएम धामी ने प्रदेशवासियों से राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान और उसके आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करने का आह्वान करते हुए कहा कि सभी नागरिक राष्ट्र की एकता, अखंडता और प्रगति के लिए मिलकर कार्य करें।