पौड़ी गढ़वाल। हरेला पर्व के उपलक्ष्य में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को जनपद पौड़ी गढ़वाल के यमकेश्वर विकासखंड स्थित मालाग्राम पहुंचकर सघन पौधरोपण कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता के संवर्धन और हरित उत्तराखंड के निर्माण का संदेश देते हुए प्रदेशवासियों से अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने का आह्वान किया।
पौधरोपण के बाद मुख्यमंत्री ने ‘श्री धन्वंतरि धाम हर्बल वर्ल्ड हिमालय’ का विस्तृत भ्रमण किया। उन्होंने यहां संरक्षित दुर्लभ औषधीय वनस्पतियों, अनुसंधान गतिविधियों और आयुर्वेद आधारित नवाचारों की जानकारी प्राप्त की। साथ ही परिसर स्थित ध्यान कुटी का भी निरीक्षण कर वहां विकसित की गई व्यवस्थाओं का अवलोकन किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की समृद्ध जैव विविधता, हिमालयी औषधीय वनस्पतियां और पारंपरिक आयुर्वेदिक ज्ञान राज्य की अमूल्य प्राकृतिक धरोहर हैं। इनके संरक्षण, संवर्धन और वैज्ञानिक अनुसंधान को बढ़ावा देना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि इस दिशा में किए जा रहे प्रयास न केवल पर्यावरण संरक्षण को नई दिशा देंगे, बल्कि औषधीय पौधों के संवर्धन, आयुर्वेद आधारित शोध, हर्बल पर्यटन तथा स्थानीय युवाओं के लिए स्वरोजगार और आजीविका के नए अवसर भी सृजित करेंगे।
मुख्यमंत्री ने बताया कि मालाग्राम स्थित ‘श्री धन्वंतरि धाम हर्बल वर्ल्ड हिमालय’ देश का अपनी तरह का एक अनूठा हर्बल पार्क है, जहां देश के विभिन्न राज्यों और हिमालयी क्षेत्रों से लाई गई दुर्लभ जड़ी-बूटियों एवं औषधीय पौधों का वैज्ञानिक तरीके से संरक्षण और संवर्धन किया जा रहा है। यह परिसर पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों और आधुनिक वैज्ञानिक अनुसंधान के समन्वय का एक महत्वपूर्ण केंद्र बनकर उभर रहा है।
इस अवसर पर पतंजलि योगपीठ के संस्थापक स्वामी रामदेव, आचार्य बालकृष्ण, राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल, यमकेश्वर विधायक रेनू बिष्ट, जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार, भाजपा जिलाध्यक्ष राजगौरव नौटियाल, उपजिलाधिकारी चतर सिंह चौहान सहित जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।