कोटद्वार में गढ़वाली फिल्म ‘भग्यान’ के शुभारंभ पर पहुंचीं विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी

कोटद्वार। उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण ने कोटद्वार में आयोजित गढ़वाली फीचर फिल्म ‘भग्यान’ के शुभ अवसर पर प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने फिल्म से जुड़े कलाकारों, निर्माता-निर्देशक तथा पूरी टीम को शुभकामनाएं एवं बधाई दी।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि गढ़वाली फीचर फिल्में उत्तराखंड की लोकभाषा, संस्कृति और समृद्ध परंपराओं को नई पहचान दिलाने का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय सिनेमा न केवल सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है, बल्कि स्थानीय कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए एक सशक्त मंच भी प्रदान करता है।

ऋतु खंडूड़ी ने विश्वास व्यक्त किया कि ‘भग्यान’ को दर्शकों का भरपूर स्नेह मिलेगा और यह फिल्म उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत, लोकभाषा और लोकसंस्कृति को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण योगदान देगी। उन्होंने फिल्म की पूरी टीम को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं भी दीं।