दिल्ली: तेल विपणन कंपनियों ने शनिवार से पेट्रोल और डीजल की कीमतों में एक बार फिर वृद्धि की है। देश की सबसे बड़ी तेल विपणन कंपनी इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन के अनुसार, राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आज से पेट्रोल 87 पैसे और डीजल 91 पैसे प्रति लीटर महंगा हो गया है। दूसरे शहरों में भी इसी अनुपात में वृद्धि की गयी है। चार-चार दिन के अंतराल पर दोनों जीवाश्म ईंधनों के दाम लगातार तीसरी बार बढ़ाये गये हैं।
दिल्ली में आज से एक लीटर पेट्रोल 99.51 रुपये का और डीजल 98.64 रुपये का हो गया है। पहले इनकी कीमत क्रमशः 98.64 रुपये और 91.58 रुपये प्रति लीटर थी। इससे पहले 15 मई को पेट्रोल-डीजील के दाम दिल्ली में तीन-तीन रुपये बढ़े थे। इसके बाद 19 मई को भी पेट्रोल 87 पैसे और डीजल 91 पैसे प्रति लीटर महंगा हुआ था।
कोलकाता में आज से पेट्रोल की कीमत 94 पैसे बढ़कर 110.64 रुपये और डीजल की 95 पैसे बढ़कर 97.02 रुपये प्रति लीटर पर पहुंच गयी है। चेन्नई में पेट्रोल 82 पैसे और डीजल 87 पैसे महंगा हुआ है। आज से वहां एक लीटर पेट्रोल 105.31 रुपये का और एक लीटर डीजल 96.98 रुपये का हो गया है।
पश्चिम एशिया में जारी संकट और आपूर्ति में बाधा के कारण अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में उछाल और डॉलर की तुलना में रुपये में जारी गिरावट से तेल विपणन कंपनियों की लागत बढ़ रही है। यही कारण है कि वे पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ा रही हैं।
इंडियन ऑयल ने अपने प्रीमियम पेट्रोल एक्सपी95 की कीमत 87 पैसे बढ़ाकर 106.63 रुपये और प्रीमियम डीजल एक्सजी की कीमत 91 पैसे बढ़ाकर 97.81 रुपये प्रति लीटर कर दी है।
यूपी के जिलों में बढ़ें दामों का असर
यूपी में भी पेट्रोल और डीज़ल के दाम बढ़ने का असर दिखेगा। आपको बता दें कि यूपी के जिलों गाजियाबाद, नोएडा, मेरठ, वाराणसी, कानपुर, प्रयागराज, अयोध्या, मुरादाबाद, आगरा और मथुरा समेत कई शहरों में नए रेट जारी किये गए। वही लोकल टैक्स की वजह से परिवहन लागत रेट में अंतर भी देखने को मिला। पश्चिम में संघर्ष के चलते अब इसका सीधा असर आम जनता की जेब पर होने वाला है।
