दून में स्वतंत्रता सेनानी स्मारक पर पुष्पवर्षा, ओजस्वी कविताओं से दी भावभीनी श्रद्धांजलि

देहरादून: राजधानी देहरादून के ऐतिहासिक ‘पुरानी जेल परिसर’ स्थित स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्मारक पर आज, 1 फरवरी 2026 (फरवरी माह के प्रथम रविवार) को एक गरिमामय श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। ’10 बजे के इस विशेष अभियान के तहत उत्तराधिकारी परिवारों ने एकत्रित होकर अमर बलिदानियों को याद किया और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को नमन किया।

श्रद्धांजलि और ओजस्वी काव्य पाठ
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः ठीक 10 बजे स्वतंत्रता सेनानियों के स्मारक पर पुष्प अर्पित कर किया गया। इसके पश्चात सभी उपस्थित सदस्यों ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान गाया, जिससे पूरा परिसर देशभक्ति के स्वर से गुंजायमान हो गया। कार्यक्रम में विशेष आकर्षण अर्चना शर्मा के सुपुत्र द्वारा प्रस्तुत की गई ओजस्वी कविता रही, जिसने उपस्थित जनसमूह में जोश भर दिया।

संगठन की मजबूती पर जोर
इस अवसर पर ‘स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी परिवार समिति’ के पदाधिकारियों ने संगठन के विस्तार पर चर्चा की। सदस्यों से आग्रह किया गया कि वे अपने आसपास रहने वाले अन्य स्वतंत्रता सेनानी आश्रितों को भी इस अभियान से जोड़ें। वक्ताओं ने कहा, स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी परिवार समिति को सशक्त बनाना केवल एक संगठन का कार्य नहीं, बल्कि हमारे पूर्वजों की विरासत को जीवित रखने का एक प्रयास है।

दिवंगत परिजनों को किया याद
राज कुमार अग्रवाल ने पिछले माह दिवंगत हुए स्वतंत्रता सेनानी परिजनों का स्मरण किया। सभी सदस्यों ने दो मिनट का मौन रखकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की।

इस कार्यक्रम में मुख्य रूप से शशांक गुप्ता, राजकुमार अग्रवाल, संतोष कुमार गोविल, राजीव मनोचा, प्रशांत शर्मा, जसवंत सिंह बिष्ट, अशोक नागर, मनमोहन गोयल, उमा गुप्ता, सुधीर कुमार कौशिक, राजीव गुप्ता, अर्चना शर्मा, मदन लाल शामिल हुए।