रिकांगपिओ: जनजातीय जिला किन्नौर में हालिया हिमपात के कारण जनजीवन काफी प्रभावित हुआ था। हालांकि अब मौसम सामान्य होने से लोगों ने राहत की सांस ली है, लेकिन जिले में हालात अभी पूरी तरह सामान्य नहीं हो पाए हैं। ताजा बर्फबारी से जहां किसान और बागबान खुश नजर आ रहे हैं, वहीं ऊंचाई वाले क्षेत्रों में इसका सीधा असर बुनियादी ढांचे पर पड़ा है। जिले में बर्फबारी के चलते लगभग 49 संपर्क सडक़ें अवरुद्ध हो गई हैं।
इसके साथ ही पर्यटन स्थल सांगला उपतहसील सहित उपतहसील टापरी क्षेत्र में कुल 103 ट्रांसफार्मर प्रभावित हुए हैं, जिससे कई क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बाधित हुई है। जिला प्रशासन ने संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं, जबकि विभागीय टीमें अवरुद्ध मार्गों की बहाली और बिजली आपूर्ति सुचारु करने के कार्य में जुटी हुई हैं।
सावधान रहने की हिदायत
मौसम विभाग के अनुसार ताजा बर्फबारी और मौजूदा मौसम परिस्थितियों के चलते संवेदनशील ढलानों पर हिमस्खलन का खतरा बना हुआ है। किन्नौर सहित लाहौल-स्पीति के 2700 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में आगामी 24 घंटों के दौरान मध्यम स्तर के हिमस्खलन (एवलांच) की चेतावनी जारी की गई है। वहीं उपायुक्त अमित कुमार शर्मा ने 29 जनवरी की शाम तक ऊंचाई वाले इलाकों में अनावश्यक आवाजाही से बचने और पर्यटकों को विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।
