ट्रंप की ईरान को चेतावनी, अगला हमला होगा और भी भयानक

वाशिंगटन: अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार को मुस्लिम देश ईरान को एक बार फिर कड़ी चेतावनी दी और उसे तुरंत बातचीत की टेबल पर लौटने को कहा। ट्रंप ने दोटूक कहा कि ईरान को किसी भी हाल में हमारे साथ डील करनी होगी। ट्रंप ने ईरान से बातचीत की मेज पर आने और परमाणु हथियारों पर तुरंत डील करने का आग्रह किया और कहा कि वरना अगला अमरीकी हमला कहीं ज्यादा बुरा होगा। ट्रंप ने ट्रुथ पर लिखा कि उम्मीद है कि ईरान जल्दी से बातचीत की मेज पर आएगा और एक निष्पक्ष और न्यायसंगत डील करेगा- कोई परमाणु हथियार नहीं- एक ऐसी डील जो सभी पक्षों के लिए अच्छी हो। समय खत्म हो रहा है, यह सच में बहुत जरूरी है। ट्रंप ने कहा कि ईरान की ओर एक और विशाल नौसैनिक बेड़ा ‘अरमाडा’ तेजी से बढ़ रहा है। यह बेड़ा पूरी ताकत, उत्साह और स्पष्ट उद्देश्य के साथ आगे बढ़ रहा है।

यह बेड़ा विशालकाय जहाज अब्रहाम लिंकन के नेतृत्व में यह बेड़ा उसे बेड़े से भी बड़ा है, जिसे वेनेजुएला की ओर भेजा गया था। ट्रंप ने कहा कि वेनेजुएला की तरह ही यह बेड़ा भी पूरी तरह सक्षम है और जरूरत पडऩे पर अत्यंत तेजी और के साथ अपने मिशन को अंजाम देने में कोई संकोच नहीं करेगा। उम्मीद है कि ईरान जल्दी बातचीत की टेबल पर आएगा और एक न्यायपूर्ण एवं संतुलित समझौते पर बातचीत करेगा। मैंने पहले भी ईरान से कहा था कि डील कर लो, लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया। नतीजा था ऑपरेशन मिडनाइट हैमर, जिसमें ईरान को भारी तबाही झेलनी पड़ी। अगला हमला इससे कहीं अधिक विनाशकारी होगा। ऐसा दोबारा होने मत दीजिए। इस गंभीर विषय पर आपके ध्यान के लिए धन्यवाद।

ईरान किसी भी आक्रामकता का जवाब देने के लिए सक्षम
ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बघाई ने कहा कि ईरान किसी भी अमरीकी आक्रामकता का जवाब देने के लिए बखूबी सक्षम है और उसकी सशस्त्र सेनाएं घटनाक्रम पर करीबी नजर रखे हुए हैं। ईरानी सैन्य अधिकारियों ने जून में इजरायल के साथ हुए संघर्ष के बाद मिसाइल क्षमताओं में उल्लेखनीय सुधार का भी दावा किया है।