नई दिल्ली: दिल्ली के लाल किला में हुआ विस्फोट कोई हादसा नहीं था, बल्कि यह एक सुनियोजित तरीके से किया गया आतंकवादी हमला था, जिसके तार फरीदाबाद से जुड़े हुए हैं। आत्माघाटी इस हमले में 10 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 24 से ज्यादा घायल हैं। इनमें से एक घायल हिमाचल के हमीरपुर जिला से भी है। जांच एजेंसियों ने दावा किया है हमले का कनेक्शन फरीदाबाद आतंकी मॉड्यूल से है। जिस आई 20 कार में धमाका हुआ है, बताया जा रहा है कि उसमें आतंकी डाक्टर उमर मोहम्मद चला रहा था, जिसकी जांच एजेंसियों को तलाश थी।
सूत्रों के अनुसार जिस तरह जांच एजेंसियां आतंकी मॉडयूल का भंडाफोड़ कर रही थीं, उससे डाक्टर उमर को गिरफ्तारी का डर सताने लगा और हड़बड़ाहट में आकर उसने आत्मघाती हमल कर दिया। जे एंड के और फरीदाबाद पुलिस कश्मीर के रहने वाले डॉक्टर उमर मोहम्मद की तलाश कर रही थीं, जिसके चलते कई जगह झापेमारी कर भारी मात्रा में विस्फोट भी बरामद किया गया। हमले में जिस आई-20 कार का इस्तेमाल हुआ है। दिल्ली पुलिस ने कार के रूट की सीसीटीवी मैपिंग की है, जिससे पता चलता है कि कार कहां-कहां चली, कहां कितनी देर रुकी। मैपिंग से पता चला है कि कार लाल किला के पास सुनहरी मस्जिद के पास पार्किंग में तीन घंटे तक खड़ी रही। तीन बजकर 19 मिनट पर कार पार्किंग में एंटर हुई और 6:48 पर पर्किंग से बाहर निकली। इसके बाद 6:55 पर ब्लास्ट हो गया।
लाल किला पर्यटकों के लिए 13 नवंबर तक बंद
धमाके के बाद लाल किला 13 नवंबर तक आम पर्यटकों के लिए बंद कर दिया गया है। शुरुआती जांच में फिदायीन हमले की आशंका जताई गई है और हमले में चार डॉक्टर्स के कनेक्शन सामने आए हैं। दिल्ली लाल किला ब्लास्ट के बाद यूपी एटीएस ने सहारनपुर, शामली और मुजफ्फरनगर में कई ठिकानों पर छापेमारी की है। अब तक 7 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ जारी है। फरीदाबाद मॉड्यूल के आदिल के करीबियों से भी पूछताछ हो रही है। आतंकी मॉड्यूल से जुड़े बिलाल खान के मोबाइल से 4000 संदिग्ध नंबर बरामद हुए हैं।
दिल्ली पुलिस ने यूएपीए के तहत दर्ज किया मामला
राजधानी में सोमवार शाम हुए लाल किला विस्फोट मामले में दिल्ली पुलिस ने गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (यूएपीए) के साथ-साथ विस्फोटक अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने पुष्टि की द्घस्र कोतवाली पुलिस स्टेशन में यूएपीए की धारा 16 और 18 के साथ-साथ विस्फोटक अधिनियम और बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार विस्फोट से तीन घंटे पहले लाल किला पार्किंग क्षेत्र के पास खड़ी एक आई-20 कार संदेह के घेरे में है। सीसीटीवी फुटेज में इस वाहन को दोपहर तीन बजकर 19 मिनट पर पार्किंग में प्रवेश करते और शाम छह बजकर 48 मिनट पर निकलते हुए देखा गया है। पुलिस उन लोगों की पहचान करने का प्रयास कर रही है, जिन्होंने वह कार पार्किंग में खड़ी की, उसमें प्रवेश किया और बाद में उसे वापस ले गये। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह कार कहां से चल कर यहां तक पहुंची। इस वाहन के पूरे मार्ग का पता लगाने के प्रयास किया जा रहा है। इस बीच, दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन ने पुष्टि की है कि सभी मेट्रो सेवाएं सामान्य रूप से चल रही हैं। कोई भी स्टेशन बंद नहीं किया गया है। पुलिस के निर्देश पर लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट एक और चार को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। अन्य सभी स्टेशन और गेट काम कर रहे हैं।
