CM धामी ने दी इगास/बग्वाल पर्व की बधाई, किया सार्वजनिक अवकाश घोषित

देहरादूनः उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने समस्त प्रदेशवासियों को लोक आस्था और संस्कृति के प्रतीक इगास पर्व/बग्वाल (बूढ़ी दीपावली) की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।

 मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि देवभूमि उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति और परंपराएं हमारी पहचान हैं और ये किसी भी राज्य की अमूल्य धरोहर और उसकी आत्मा होती हैं। उन्होंने प्रदेशवासियों से अपनी लोक परंपराओं एवं समृद्ध लोक संस्कृति को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।

उन्होंने बताया कि राज्य सरकार द्वारा इस लोक पर्व को पारंपरिक रीति से मनाने के लिए लोगों को अपनी जड़ों से जुड़ने का अवसर देने हेतु इगास पर्व पर सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है।

उन्होंने इस पावन अवसर पर ईश्वर से सभी प्रदेशवासियों के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। मुख्यमंत्री ने प्रदेश से बाहर रह रहे उत्तराखंडवासियों से भी आग्रह किया कि वे अपने लोक पर्व को अपने गांव में मनाएं और प्रदेश के विकास में सहभागी बनें।

इगास पर्व को बूढ़ी दीपावली के नाम से भी जाना जाता है, जो दीपावली के ठीक 11 दिन बाद मनाया जाता है। लोक मान्यताओं के अनुसार, भगवान राम के अयोध्या लौटने की सूचना पहाड़ों में देर से मिली थी, जिसके कारण यहां मुख्य दीपावली के 11 दिन बाद यह पर्व मनाया जाता है। इस दिन घरों की साफ-सफाई के बाद मीठे पकवान बनाए जाते हैं, देवी-देवताओं की पूजा की जाती है और गाय तथा बैलों की पूजा करने की भी परंपरा है।