मुंबईः भारतीय बैंक जल्द ही नेपाल, भूटान और श्रीलंका के नागरिकों को रुपये में कर्ज प्रदान कर सकेंगे, जिससे रुपये में वैश्विक व्यापार को बढ़ावा मिलेगा। भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के गवर्नर संजय मल्होत्रा ने बुधवार को इसकी घोषणा की और बताया कि इस संबंध में नियम शीघ्र ही लागू किए जाएंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि इन तीनों देशों के लोगों के साथ-साथ वहां के बैंकों को भी रुपये में ऋण उपलब्ध कराया जा सकेगा।
इसके अतिरिक्त, एक अन्य महत्वपूर्ण निर्णय में फाइनेंशियल बेंचमार्क इंडिया लिमिटेड को अमेरिकी डॉलर, यूरो, ब्रिटिश पाउंड और जापानी येन के अलावा अन्य मुद्राओं के लिए भी संदर्भ दर निर्धारित करने का निर्देश दिया गया है। यह कदम विदेशी व्यापार में बढ़ती विविधता को ध्यान में रखकर उठाया गया है, जिससे रुपये और स्थानीय मुद्राओं में व्यापार को और सरल बनाया जा सकेगा।
एक और अहम फैसले के तहत, विशेष वोस्ट्रो खातों (एसआरवीए) में उपलब्ध अधिशेष राशि को सरकारी प्रतिभूतियों के अलावा कॉर्पोरेट बांड और वाणिज्यिक पेपरों में निवेश करने की अनुमति दी गई है। वोस्ट्रो खाते विदेशी बैंकों द्वारा स्थानीय मुद्रा में खोले गए खाते होते हैं, जिनका उपयोग आयात-निर्यात के लिए रुपये में लेनदेन हेतु किया जाता है।
