देहरादून: पुलिस ने विकासनगर में हुई स्नेचिंग की घटना का 36 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों में एक हिस्ट्रीशीटर भी शामिल है।
पुलिस को 29 जुलाई को 12,000 रुपये नकद छीनने की शिकायत मिली थी। इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सीसीटीवी फुटेज और मुखबिरों से मिली सूचना के आधार पर समीर और आसिफ नामक दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया। उनके पास से लूटे गए 12,000 रुपये में से 11,500 रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे नशे के आदी हैं और अक्सर महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को निशाना बनाते थे। आरोपी आसिफ का आपराधिक रिकॉर्ड रहा है और उस पर पहले भी कई मामले दर्ज हैं।
