चमोली/देहरादून। आपदा के कठिन हालात में ग्राउंड जीरो पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्यों का नेतृत्व करने से लेकर ऐतिहासिक मां नन्दा राजजात यात्रा और चारधाम यात्रा के सफल संचालन तक, चमोली में अपने कार्यकाल के दौरान पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पँवार ने कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं। उनके पुलिस मुख्यालय देहरादून स्थानांतरण पर चमोली पुलिस परिवार की ओर से पुलिस कार्यालय गोपेश्वर में भावुक विदाई समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उनके साथ बिताए अनुभव साझा किए और नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी चमोली गौरव कुमार ने पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पँवार को स्मृति चिह्न भेंट कर उनके आगामी कार्यकाल एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विदाई समारोह में मौजूद पुलिसकर्मी उनके नेतृत्व, कार्यशैली, संवेदनशीलता और कठिन परिस्थितियों में टीम के साथ खड़े रहने के व्यवहार को याद कर भावुक हो उठे।
29 अक्टूबर 2025 को पुलिस अधीक्षक चमोली का कार्यभार संभालने के बाद से ही सुरजीत सिंह पँवार की कार्यशैली में अपराधियों के प्रति सख्ती और आमजन के प्रति संवेदनशीलता देखने को मिली। अपने कार्यकाल में उन्होंने अपराध नियंत्रण, कानून व्यवस्था, जनसुरक्षा और पुलिस को आमजन के और करीब लाने पर विशेष ध्यान दिया।
उनके कार्यकाल की प्रमुख चुनौतियों में तमक नाला-मलारी की भीषण आपदा और पीपलकोटी टीएचडीसी टनल हादसा शामिल रहे। इन परिस्थितियों में एसपी केवल कार्यालय से निर्देश देने तक सीमित नहीं रहे, बल्कि स्वयं ग्राउंड जीरो पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्यों की कमान संभाली। जोखिम भरे हालात में टीम का मनोबल बढ़ाने, विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय स्थापित करने और समय पर निर्णय लेने में उनकी सक्रिय भूमिका रही। आपदा प्रभावितों की सहायता के लिए उनकी तत्परता ने संकट के समय पुलिस की मौजूदगी और सहयोग का भरोसा मजबूत किया।
ऐतिहासिक मां नन्दा राजजात यात्रा के सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित संचालन में भी उनके नेतृत्व की महत्वपूर्ण भूमिका रही। दुर्गम पहाड़ी रास्तों, विषम भौगोलिक परिस्थितियों और श्रद्धालुओं की भारी आवाजाही को देखते हुए सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था के लिए व्यापक कार्ययोजना तैयार की गई। यात्रा के विभिन्न पड़ावों पर पुलिस बल की तैनाती, विभागीय समन्वय और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा गया।
चारधाम यात्रा वर्ष 2026 भी उनके कार्यकाल की प्रमुख जिम्मेदारियों में शामिल रही। इस दौरान 23 लाख 50 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने श्री बदरीनाथ धाम में दर्शन किए, जबकि 3 लाख 90 हजार से अधिक श्रद्धालु श्री हेमकुण्ड साहिब पहुंचे। इस प्रकार दोनों प्रमुख धार्मिक स्थलों में कुल 27 लाख 40 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने दर्शन किए।
इसके साथ ही विश्व प्रसिद्ध फूलों की घाटी पहुंचने वाले पर्यटकों की सुरक्षा एवं सुविधा का भी ध्यान रखा गया। संकरे पहाड़ी मार्गों, मौसम की चुनौतियों, विषम भौगोलिक परिस्थितियों और भारी यातायात दबाव के बीच पुलिस बल ने यात्रा व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने के लिए कार्य किया। देश-विदेश से पहुंचे श्रद्धालुओं ने चमोली पुलिस के सहयोग और तत्परता की सराहना की।
जून 2026 में श्री हेमकुण्ड साहिब यात्रा के दौरान कर्णप्रयाग में निहंग श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों के बीच उत्पन्न विवाद ने गंभीर रूप ले लिया था। इस संवेदनशील स्थिति में पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पँवार ने धैर्य, सूझबूझ और संवाद को प्राथमिकता देते हुए हालात को नियंत्रित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके हस्तक्षेप और पुलिस प्रशासन के प्रयासों से विवाद को शांत कराने तथा क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने में मदद मिली। गैरसैंण विधानसभा सत्रों और विभिन्न वीवीआईपी कार्यक्रमों के दौरान भी सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी उनके नेतृत्व में निभाई गई। इन आयोजनों के लिए पुलिस बल की तैनाती, सूक्ष्म योजना और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय पर विशेष ध्यान दिया गया।
मुख्यमंत्री के ड्रग्स फ्री देवभूमि अभियान को आगे बढ़ाते हुए उनके कार्यकाल में नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई की गई। युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए विद्यालयों, गांवों और सार्वजनिक स्थलों पर जागरूकता अभियान भी संचालित किए गए ।महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा के लिए मिशन शक्ति के तहत दूरस्थ विद्यालयों और ग्रामीण क्षेत्रों तक पुलिस की पहुंच बनाई गई। वहीं, बढ़ते साइबर अपराधों को देखते हुए डिजिटल अरेस्ट, ऑनलाइन ठगी, फर्जी निवेश और सोशल मीडिया से जुड़े अपराधों के प्रति लोगों को जागरूक किया गया। साइबर ठगी के मामलों में त्वरित कार्रवाई, पीड़ितों की धनराशि वापस कराने के प्रयास और बाहरी राज्यों से साइबर अपराधियों की गिरफ्तारी के जरिए अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई की गई। वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम के तहत सीमांत एवं दूरस्थ गांवों में भी साइबर जागरूकता अभियान चलाए गए।
समारोह के दौरान पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने कहा कि सुरजीत सिंह पँवार का नेतृत्व उनके लिए प्रेरणादायी रहा। कठिन परिस्थितियों में स्वयं आगे रहकर नेतृत्व करना, टीम के प्रत्येक सदस्य पर विश्वास रखना और आमजन की समस्याओं को संवेदनशीलता से सुनना उनकी कार्यशैली की विशेषताएं रहीं।
अपने संबोधन में पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पँवार ने चमोली पुलिस परिवार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनपद में बिताया गया समय उनके लिए हमेशा यादगार रहेगा। यहां के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने हर चुनौती में पूरी निष्ठा, समर्पण और टीम भावना के साथ उनका साथ दिया। जनपद में हासिल की गई उपलब्धियां किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि पूरी टीम के सामूहिक प्रयासों का परिणाम हैं।
उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि चमोली हमेशा उनके हृदय में बसा रहेगा और यहां से जुड़ी यादें उनके लिए अनमोल रहेंगी। उन्होंने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों से भविष्य में भी इसी समर्पण, अनुशासन और संवेदनशीलता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने तथा पुलिस की गौरवशाली छवि बनाए रखने की अपेक्षा की।
समारोह के अंत में चमोली पुलिस परिवार की ओर से उन्हें स्मृति चिह्न एवं पुष्पगुच्छ भेंट किए गए। इस अवसर पर पुलिस उपाधीक्षक चमोली मदन सिंह बिष्ट, विभिन्न क्षेत्रीय प्रतिनिधि, अधिवक्ता सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

