राष्ट्रीय खेल दिवस पर सीएम धामी ने मेजर ध्यानचंद को किया कोटिशः नमन

देहरादून। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हॉकी के महान खिलाड़ी एवं ‘हॉकी के जादूगर’ मेजर ध्यानचंद को कोटिशः नमन किया। उन्होंने कहा कि मेजर ध्यानचंद का जीवन और उनकी उपलब्धियां देश के खिलाड़ियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेंगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में उत्तराखंड सरकार प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को बेहतर अवसर और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। सरकार का उद्देश्य राज्य के युवा खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए मजबूत मंच प्रदान करना है।

उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को आधुनिक खेल अवस्थापना एवं आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ उन्हें प्रोत्साहित करने के लिए छात्रवृत्ति और अन्य आवश्यक सहायता भी प्रदान की जा रही है। सरकार खेल प्रतिभाओं को तराशने और उन्हें आगे बढ़ाने के लिए विभिन्न स्तरों पर लगातार प्रयास कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में खेल विश्वविद्यालय की स्थापना की दिशा में भी तेजी से कार्य किया जा रहा है। खेल विश्वविद्यालय के माध्यम से प्रदेश के युवा खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, आधुनिक संसाधन और अपनी प्रतिभा को निखारने के व्यापक अवसर उपलब्ध होंगे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड को खेल प्रतिभाओं की मजबूत नर्सरी के रूप में विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है।