देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में अवस्थापना सुविधाओं के विकास, प्रारम्भिक व माध्यमिक विद्यालयों की आपदा के कारण क्षतिग्रस्त सम्पत्तियों की मरम्मत, शासकीय आवासीय भवनों के निर्माण, विभिन्न गांवों तथा कार्यालयों के बाढ़ सुरक्षा उपायों, क्षतिग्रस्त मार्गों के पुनर्निर्माण, आपदा से बचाव व हेलीपैड निर्माण आदि कार्यों के लिए 74 करोड़ रुपये की धनराशि का अनुमोदन प्रदान किया गया है।
मुख्यमंत्री द्वारा जनपद बागेश्वर के बेडा-मझड़ा (करीमपुर) हेलीपैड निर्माण हेतु 8.91 करोड़ रुपये, गंगोत्री धाम में सीवर लाईन एवं छूटे हुए घरों/सार्वजनिक शौचालयों से सम्बंधित कार्यों हेतु 4.99 करोड़ रुपये की योजना स्वीकृत किए जाने के साथ ही अभियोजन कार्यालय में अभियोजन अधिष्ठान के अन्तर्गत अवशेष धनराशि 8.89 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत किए जाने का अनुमोदन प्रदान किया गया है।
मुख्यमंत्री द्वारा आपदा के मद्देनजर विद्यालयों परिसरों में विद्यार्थियों एवं कार्मिकों की सुरक्षा के दृष्टिगत क्षतिग्रस्त आधारभूत सुविधाओं की त्वरित मरम्मत एवं शिक्षण कार्यों की निरन्तरता बनाए रखने के लिए माध्यमिक शिक्षा के अन्तर्गत संचालित विद्यालयों हेतु 15 करोड़ रुपये एवं प्रारम्भिक शिक्षा के अन्तर्गत संचालित विद्यालयों हेतु 15 करोड़ रुपये कुल धनराशि 30 करोड़ रुपये राज्य आपदा मोचन निधि के पुनर्प्राप्ति एवं पुनर्निर्माण हेतु स्वीकृत किया गया है। इसके साथ ही उत्तरकाशी, बागेश्वर, अल्मोडा, चमोली, चम्पावत, रूद्रप्रयाग, पिथौरागढ़ एवं देहरादून जनपदों को राज्य आपदा मोचन निधि के विभिन्न मदों यथा राहत एवं बचाव, पुनर्प्राप्ति एवं पुनर्निर्माण तथा तैयारी एवं क्षमता निर्माण हेतु 1.08 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत किया गया है।
मुख्यमंत्री द्वारा जनपद ऊधम सिंह नगर के विकासखण्ड खटीमा के 07 ग्रामों में आवासीय भवनों की नदी/नालों की बाढ़ से सुरक्षा हेतु 4.01 करोड़ रुपये तथा भारत-नेपाल सीमा पर जगबूढा नदी के दांये पार्श्व पर स्थित ग्राम-सिसैया, मेलाघाट एवं एस.एस.बी. कैंप कार्यालय की बाढ़ सुरक्षा हेतु 4.62 करोड़ रुपये की योजना स्वीकृत किए जाने का अनुमोदन प्रदान किया गया है।
मुख्यमंत्री द्वारा जनपद चमोली में वित्तीय वर्ष 2024-25 एवं 2021 से पूर्व ओपन कम्युनिकेशन के तहत आपदा क्षतिग्रस्त मागों को खोले जाने तथा मार्गों से मलबा हटाए जाने हेतु उपयोग में लाई गई जे.सी.बी./पॉकलैण्ड के बीजकों का भुगतान 3.18 करोड़ रुपये की धनराशि राज्य आपदा मोचन निधि के राहत एवं बचाव मद से स्वीकृत किया गया है। मुख्यमंत्री द्वारा नगर पालिका परिषद हरबर्टपुर क्षेत्रान्तर्गत ठोस अपशिष्ट परियोजना हेतु 3.27 करोड़ रुपये का अनुमोदन प्रदान किया गया है।
मुख्यमंत्री द्वारा भूकम्प पूर्व चेतावनी प्रणाली यंत्रों के रख-रखाव हेतु 2.00 करोड़ रुपये, सैटेलाईट फोनों के रिचार्ज हेतु 1.90 करोड़ रुपये, विश्व बैंक सहायतित परियोजना के सहयोग से जनपदों में स्थापित उपकरणों के रख-रखाव एवं मानदेय तथा जोशीमठ भूस्खलन कन्ट्रोल रूम में तैनात विशेषज्ञों के मानदेय हेतु 40 लाख रुपये, विभिन्न मॉक अभ्यासों के आयोजन हेतु 60 लाख रुपये तथा प्राधिकरण में तैनात ई.ई.आर.एस. कार्मिकों के मानदेय हेतु 18 लाख रुपये की धनराशि राज्य आपदा मोचन निधि के क्षमता विकास से अवमुक्त किए का अनुमोदन प्रदान किया गया है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा विधानसभा क्षेत्र चौबट्टाखाल के अन्तर्गत चलकुडिया-मसमोली- नौखोली मोटर मार्ग नाम शहीद मंदीप सिंह नेगी मोटर मार्ग रखे जाने का अनुमोदन प्रदान किया गया है।