ऊधमसिंहनगर। आईपीएल मैचों के दौरान ऑनलाइन सट्टेबाजी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है। थाना पुलभट्टा पुलिस और एसओजी रुद्रपुर की संयुक्त टीम ने मोबाइल फोन के जरिए ऑनलाइन सट्टा खिलाने के आरोप में दोनों आरोपियों को दबोचा। पुलिस ने उनके कब्जे से दो आईफोन और 40 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार उन्हें सूचना मिली थी कि कुछ युवक मोबाइल फोन के माध्यम से आईपीएल मैचों पर ऑनलाइन सट्टा लगवाकर अवैध तरीके से मोटी कमाई कर रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की और दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हिमांशु रस्तोगी निवासी इस्लामनगर, पहाड़ी कॉलोनी, सितारगंज तथा सौरभ कुमार निवासी कुंवरपुर सिसैया, थाना सितारगंज के रूप में हुई है। दोनों की उम्र लगभग 24 से 25 वर्ष बताई जा रही है।
तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से दो आईफोन और 40 हजार रुपये नकद बरामद किए। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी मोबाइल फोन के जरिए आईपीएल मैचों में ऑनलाइन सट्टा खिलाने का काम कर रहे थे और इससे अच्छी खासी रकम कमा रहे थे।
इस मामले में थाना पुलभट्टा में एफआईआर दर्ज करते हुए आरोपियों के खिलाफ जुआ अधिनियम की धारा 13 के तहत मुकदमा कायम किया गया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई पर अजय गणपति ने कहा कि ऊधमसिंहनगर पुलिस “अपराध मुक्त देवभूमि” के संकल्प को पूरा करने के लिए लगातार अभियान चला रही है। उन्होंने युवाओं से ऑनलाइन सट्टेबाजी जैसी अवैध गतिविधियों से दूर रहने और कानून का पालन करने की अपील भी की।
