देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश के विभिन्न जनपदों एवं विधानसभा क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति देने के उद्देश्य से विभिन्न योजनाओं के लिए वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की है। इन स्वीकृतियों के तहत सड़कों एवं पुलों का सुधारीकरण, मंदिरों और मेला स्थलों का सौंदर्यीकरण, हेलीपैड निर्माण, सिंचाई गूल, सीसी मार्ग, इंटरलॉकिंग टाइल्स तथा सुरक्षात्मक कार्य किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने चम्पावत विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत कठाड़ कमेला के मुख्य मार्गों पर सीसी एवं इंटरलॉकिंग टाइल्स निर्माण के लिए 55.16 लाख रुपये स्वीकृत किए हैं। वहीं, देहरादून के मसूरी विधानसभा क्षेत्र के वार्ड संख्या-9 आर्यनगर में आंतरिक सड़कों एवं नालियों के निर्माण तथा विभिन्न स्थानों पर सुरक्षात्मक कार्यों के लिए 56.76 लाख रुपये की मंजूरी दी गई है। ऊधमसिंह नगर के गदरपुर विधानसभा क्षेत्र में गणेशपुर से लंकुरा बाजावाला होते हुए रमपुरकाजी तक मार्ग के बीएम/एसडीबीसी से सुदृढ़ीकरण के लिए 242.38 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
हरिद्वार के पिरान कलियर विधानसभा क्षेत्र में सीसी मार्ग एवं इंटरलॉकिंग रोड निर्माण के लिए कुल 249.32 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है। इसमें प्रथम किस्त के रूप में 161.20 लाख रुपये जारी किए जाएंगे। इसी प्रकार देहरादून के डोईवाला विधानसभा क्षेत्र में वन विभाग की थानों रेंज के अंतर्गत जॉलीग्रांट सैंज चौकी से जुड्डी गांव होते हुए कालूवाला को जोड़ने वाली सड़क के निर्माण के लिए 98.75 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसके सापेक्ष प्रथम किस्त के रूप में 59.25 लाख रुपये जारी करने की मंजूरी दी गई है।
मंदिरों और मेला स्थलों का होगा सौंदर्यीकरण
मुख्यमंत्री ने धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों के विकास को लेकर भी विभिन्न घोषणाओं को स्वीकृति दी है। पिथौरागढ़ के डीडीहाट विधानसभा क्षेत्र के रसैपाटा में पौराणिक भगवती मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए 59.57 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। रुद्रप्रयाग के केदारनाथ विधानसभा क्षेत्र में सिल्ला बामण गांव स्थित साणेश्वर मंदिर, सिद्धपीठ आशुतोष महादेव, फलासी स्थित तुंगेश्वर महादेव मंदिर तथा महड़गांव स्थित महड़ महादेव मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए 49.94 लाख रुपये की मंजूरी दी गई है।
चम्पावत विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत ढकना बडोला में श्री ऐड़ी ब्यानधुरा भूमिया मेला स्थल के सौंदर्यीकरण के लिए 109.88 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। वहीं, चमोली के कर्णप्रयाग विधानसभा क्षेत्र में उत्तराखंड के एकमात्र दानवीर कर्ण के मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए 99.71 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं। इस योजना के तहत प्रथम किस्त में 59.82 लाख रुपये जारी किए जाएंगे।
टिहरी विधानसभा क्षेत्र के नई टिहरी स्थित बौराड़ी में नवदुर्गा मंदिर की मरम्मत एवं सौंदर्यीकरण के लिए 100 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है। इसके तहत प्रथम किस्त के रूप में 60 लाख रुपये जारी करने का अनुमोदन प्रदान किया गया है।
हेलीपैड, जाट भवन और विश्वविद्यालय की सड़कों के लिए भी धनराशि स्वीकृत
मुख्यमंत्री ने उत्तरकाशी के पुरोला विधानसभा क्षेत्र के विकासखंड मोरी स्थित ग्राम फिताड़ी में हेलीपैड निर्माण के लिए 107.98 लाख रुपये स्वीकृत किए हैं। देहरादून के धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र के कारगी चौक में जाट भवन निर्माण के लिए अवशेष धनराशि के रूप में 125 लाख रुपये की मंजूरी दी गई है।
इसके अलावा ऊधमसिंह नगर के किच्छा विधानसभा क्षेत्र में पंडित गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय परिसर की शेष सड़कों के सुधारीकरण के लिए 422.11 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
मोटर मार्ग के उच्चीकरण और सिंचाई गूल निर्माण को मंजूरी
पिथौरागढ़ के डीडीहाट विधानसभा क्षेत्र में थल-सत्सिलिंग मोटर मार्ग (राजमार्ग-60) के किमी 143.930 पर डांगोली-दाड़िमखेत-हरवाड़-वलीघाट-दफौड़-धर्मघर-कोटमन्या-पाखू-थल-सत्सिलिंग मोटर मार्ग को श्रेणी-बी से श्रेणी-ए में उच्चीकृत करने के लिए 111.92 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
वहीं, चम्पावत विधानसभा क्षेत्र में मंच-लेठी-बमनगांव-तारकुली-आवंडा से विकासखंड ताकुला के भेसड़गांव-चौड़ा-फल्याटी-बनौड़ा तक सिंचाई गूल के निर्माण के लिए 95.01 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है। इस कार्य के लिए प्रथम किस्त के रूप में 57 लाख रुपये जारी करने का अनुमोदन प्रदान किया गया है।
मुख्यमंत्री द्वारा दी गई इन स्वीकृतियों से प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विकास, धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों के संरक्षण तथा ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क और सिंचाई संबंधी सुविधाओं के विस्तार से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ाने का मार्ग प्रशस्त होगा।

