देहरादून। मेयर सौरभ थपलियाल ने मंगलवार को संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज जी की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित समरसता संकल्प यात्रा का स्वागत किया। इस अवसर पर उन्होंने संत रविदास महाराज जी के आदर्शों और विचारों को सामाजिक समरसता एवं सद्भाव के लिए प्रेरणादायी बताया।
इस अवसर पर मेयर सौरभ थपलियाल ने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज जी का जीवन सामाजिक समरसता, समानता, भाईचारे और मानव कल्याण का अनुपम संदेश देता है। उनके विचार आज भी समाज को भेदभाव से ऊपर उठकर समानता और सद्भाव के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। उनके आदर्शों को आत्मसात कर समतामूलक और सौहार्दपूर्ण समाज का निर्माण किया जा सकता है।
कार्यक्रम में भाजपा के प्रदेश महामंत्री संगठन फणींद्रनाथ शर्मा, प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत भारद्वाज, प्रदेश उपाध्यक्ष अनिल गोयल तथा राज्यमंत्री (दर्जा प्राप्त) मधु भट्ट सहित पार्टी के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। यात्रा के स्वागत के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने भी सहभागिता की।

