बागेश्वर। सरयू नदी किनारे देर रात घायल अवस्था में पड़े एक व्यक्ति के लिए बागेश्वर फायर सर्विस की टीम देवदूत बनकर पहुंची। घनी अंधेरी रात और नदी किनारे की विषम परिस्थितियों के बीच फायर सर्विस के जवानों ने अदम्य साहस और तत्परता दिखाते हुए सफल रेस्क्यू ऑपरेशन को अंजाम दिया। कोतवाली बागेश्वर पुलिस के सहयोग से घायल व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकालकर जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां उसे उपचार के लिए भर्ती कराया गया।
घटना 17 नवंबर 2026 की देर रात की है। फायर स्टेशन बागेश्वर को सूचना मिली कि तुनेरा के पास सरयू नदी किनारे एक व्यक्ति घायल अवस्था में पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक जितेंद्र मेहरा (आईपीएस) के निर्देशन में आपातकालीन सेवाओं को सक्रिय किया गया। प्रभारी अग्निशमन द्वितीय अधिकारी (एफएसएसओ) दिनेश चंद पाठक के नेतृत्व में फायर रेस्क्यू यूनिट तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई।
मौके पर पहुंची टीम के सामने चुनौती काफी कठिन थी। चारों ओर घना अंधेरा, नदी किनारे की दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियां और घायल तक पहुंचने का जोखिम रेस्क्यू अभियान को चुनौतीपूर्ण बना रहे थे। इसके बावजूद फायर सर्विस के जवानों ने हिम्मत और सूझबूझ का परिचय देते हुए अभियान जारी रखा।
कोतवाली बागेश्वर पुलिस के सहयोग से फायर सर्विस की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद घायल व्यक्ति को सुरक्षित नदी किनारे से बाहर निकाला। इसके बाद उसे फायर सर्विस के वाहन से तत्काल जिला चिकित्सालय बागेश्वर पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे उपचार के लिए भर्ती कर लिया। आगे की कार्रवाई के लिए बाद में व्यक्ति को पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। रेस्क्यू किए गए व्यक्ति की पहचान हरि ओम सिंह (38), पुत्र मोहन सिंह, निवासी ज्वालाकी वार्ड, तहसील रोड, बागेश्वर के रूप में हुई है।
इस सफल रेस्क्यू अभियान में प्रभारी अधिकारी दिनेश चंद पाठक, प्रशिक्षु एफएसएसओ सचिन सेमवाल, लीडिंग फायरमैन केदार सिंह, चालक जगदीश सिंह एवं चंद्र प्रकाश तथा फायरमैन अंजुल पांडे, प्रकाश राम, सूर्य प्रकाश और दीपक दानू शामिल रहे।
बागेश्वर फायर सर्विस और कोतवाली पुलिस की इस संयुक्त कार्रवाई ने एक बार फिर आपातकालीन परिस्थितियों में सुरक्षा बलों की तत्परता और कर्तव्यनिष्ठा को दर्शाया है। घुप अंधेरे और जोखिम भरे हालात में चलाया गया यह रेस्क्यू अभियान मानवता, साहस और सेवा भावना की मिसाल बन गया।

