नई टिहरी: छठ पूजा पर मुनिकीरेती क्षेत्र में गंगा तटों पर श्रद्धालु जमकर उमड़े। श्रद्धालुओं ने छठ पूजा कर सूर्य देवता को अर्घ्य दिया। छठ पूजा को देखते हुए एसएसपी श्वेता चौबे के निर्देशन में सुरक्षा व्यवस्था में टिहरी पुलिस मुस्तैद दिखी। जल पुलिस एवं फ्लड कंपनी को ऐतियाती तौर पर तैनात किया गया था।
सोमवार सुबह को थाना मुनिकीरेती क्षेत्र के भरत घाट, स्वामी नारायण घाट, स्वामी दयानंद घाट पर श्रद्धालुओं ने धूमधाम से छठ मनाया। श्रद्धालुओं ने मां गंगा के पावन तट पर पहुंचकर पूजा-अर्चना की और धार्मिक परंपराओं के अनुसार सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली की कामना की। छठ पूजा पर्व के दौरान घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी आवाजाही व गंगा में स्नान, पूजा-अर्चना के दृष्टिगत एसएवपी श्वेता चौबे के निर्देशन में टिहरी पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए।
थाना मुनिकीरेती पुलिस के साथ ही जल पुलिस व फ्लड कंपनी के जवानों को सभी प्रमुख घाटों पर लगातार ड्यूटी पर तैनात रखा गया। पुलिस व जल पुलिस की टीमें श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर पूरी तरह सतर्क रहीं। गंगा तटों पर निरंतर निगरानी रखी गई। ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों एवं जल पुलिस के जवानों ने श्रद्धालुओं को गंगा के गहरे पानी में न जाने, सुरक्षित स्थानों पर ही स्नान एवं पूजा-अर्चना करने तथा निर्धारित सुरक्षा नियमों का पालन करने हेतु जागरूक किया गया।

