देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून में आयोजित प्रवासी उत्तराखंडी सम्मेलन-2026 में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने देश-विदेश में रह रहे प्रवासी उत्तराखंडियों के विचारों एवं सुझावों को सुना और प्रदेश की उपलब्धियों, सरकार की नीतियों तथा विकास कार्यों की जानकारी साझा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रवासी उत्तराखंडी प्रदेश के ब्रांड एंबेसडर हैं। वे अपनी संस्कृति, सभ्यता, परंपराओं और समृद्ध लोक विरासत को देश-दुनिया तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने सभी प्रवासी उत्तराखंडी भाई-बहनों से अपील की कि जब भी वे देवभूमि उत्तराखंड आएं, अपने पैतृक गांव जरूर जाएं और वहां कुछ समय बिताएं। अपनी जड़ों से जुड़े रहना ही हमारी पहचान और सबसे बड़ी ताकत है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह प्रसन्नता का विषय है कि आज प्रवासी उत्तराखंडी अपने गांवों को गोद लेकर उन्हें विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का सराहनीय प्रयास कर रहे हैं। राज्य सरकार का संकल्प प्रदेश के प्रत्येक गांव को विकास की धारा से जोड़ना है। इसी उद्देश्य से गांवों में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं को लगातार सुदृढ़ किया जा रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रवासी उत्तराखंडियों के अनुभव, सामर्थ्य और सहयोग से विकसित उत्तराखंड के संकल्प को साकार करने की दिशा में प्रदेश और तेजी से आगे बढ़ेगा।
सम्मेलन में पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व राज्यपाल पद्मभूषण भगत सिंह कोश्यारी, पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’, दिल्ली विधानसभा के उपाध्यक्ष मोहन सिंह बिष्ट, केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड के अध्यक्ष एवं प्रख्यात लेखक, कवि पद्मश्री प्रसून जोशी, भारत सरकार के सचिव सुधांशु पंत, प्रसिद्ध अभिनेत्री हिमानी शिवपुरी और चित्रांशी रावत सहित प्रदेश के मंत्रीगण, विधायकगण तथा देश-विदेश से पहुंचे बड़ी संख्या में प्रवासी उत्तराखंडी उपस्थित रहे।

